सुपौल में पार्श्व गायक पर गर्भाशय निकलवाने का आरोप SHO बोलीं- 30 साल पुराना मामला, जांच कर होगी प्राथमिकी
बॉलीवुड के चर्चित पार्श्व गायक उदित नारायण झा एक बार फिर गंभीर आरोपों को लेकर विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। उनकी पहली पत्नी रंजना नारायण झा ने महिला थाना सुपौल में आवेदन देकर उदित नारायण, उनके दो भाइयों और दूसरी पत्नी पर आपराधिक षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया है। रंजना का दावा है कि इलाज के बहाने उनका गर्भाशय बिना जानकारी के निकलवा दिया गया, जिसकी जानकारी उन्हें वर्षों बाद इलाज के दौरान मिली।
NBC24NEWSDESK: बॉलीवुड के चर्चित पार्श्व गायक उदित नारायण झा एक बार फिर गंभीर आरोपों को लेकर विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। उनकी पहली पत्नी रंजना नारायण झा ने महिला थाना सुपौल में आवेदन देकर उदित नारायण, उनके दो भाइयों और दूसरी पत्नी पर आपराधिक षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया है। रंजना का दावा है कि इलाज के बहाने उनका गर्भाशय बिना जानकारी के निकलवा दिया गया, जिसकी जानकारी उन्हें वर्षों बाद इलाज के दौरान मिली।
मंगलवार को अपने अधिवक्ता करुणाकांत झा के साथ महिला थाना पहुंचीं रंजना झा ने बताया कि वह सुपौल जिले के बलुआ बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत संस्कृत निर्मली वार्ड संख्या-11 निवासी चंद्रकांत झा की 61 वर्षीय पुत्री हैं। उन्होंने कहा कि 7 दिसंबर 1984 को उनकी शादी उदित नारायण झा से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। शादी के बाद शुरुआती कुछ वर्ष ठीक-ठाक बीते, लेकिन 1985 में उदित नारायण करियर बनाने के लिए मुंबई चले गए।
रंजना के अनुसार, मुंबई जाने के बाद उदित नारायण ने उनसे दूरी बना ली। इसी दौरान उन्हें मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली कि उदित नारायण ने दीपा नारायण नामक महिला से दूसरी शादी कर ली है। जब उन्होंने इस बारे में सवाल किया तो उदित नारायण लगातार उन्हें गुमराह करते रहे।
शिकायत में रंजना ने आरोप लगाया कि वर्ष 1996 में इलाज के बहाने उदित नारायण, उनके भाई संजय कुमार झा और ललित नारायण झा उन्हें दिल्ली के एक बड़े अस्पताल ले गए। वहां बिना उनकी स्पष्ट जानकारी और सहमति के उनका गर्भाशय निकलवा दिया गया। रंजना का कहना है कि उस समय उदित नारायण की दूसरी पत्नी दीपा नारायण भी अस्पताल में मौजूद थीं।
रंजना झा ने आगे बताया कि वर्ष 2006 में जब वह मुंबई गईं तो उदित नारायण और दीपा नारायण ने उनके साथ गाली-गलौज की और घर में प्रवेश तक नहीं करने दिया। इसके बाद वह नेपाल स्थित ससुराल पहुंचीं, लेकिन वहां भी उन्हें अपमानित कर भगा दिया गया। मजबूर होकर वह तब से अपने मायके में रह रही हैं।
रंजना का यह भी कहना है कि उन्होंने पहले परिवार न्यायालय सुपौल और महिला आयोग में भी मामला दर्ज कराया था। उस दौरान उदित नारायण ने उन्हें पत्नी के रूप में स्वीकार करते हुए समझौता पत्र भी दाखिल किया था, लेकिन इसके बावजूद न तो उन्हें सम्मान मिला और न ही पति का सहयोग।
मीडिया से बातचीत में रंजना झा ने कहा कि बार-बार किए गए वादों के बावजूद उदित नारायण ने कभी उन्हें निभाया नहीं। वह बीमार और आर्थिक तंगी से जूझ रही हैं और इस उम्र में उन्हें पति के साथ और सहयोग की जरूरत है। उन्होंने कहा कि उन्हें सिर्फ न्याय और सम्मान चाहिए, इसी उम्मीद में वह महिला थाना पहुंची हैं।
वहीं महिला थानाध्यक्ष अंजू तिवारी ने बताया कि शिकायत में वर्णित घटनाएं करीब 30 वर्ष पुरानी हैं। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सुपौल से कुणाल कुमार की रिपोर्ट।
sweetysharma31517