थानों में लापरवाही पड़ी भारी:औचक निरीक्षण में SSP की बड़ी कार्रवाई,मुजफ्फरपुर में लेट नाइट एक्शन, थानेदार पर निलंबन की प्रक्रिया, SI सस्पेंड

मुजफ्फरपुर में SSP कांतेस कुमार मिश्रा ने देर रात औचक निरीक्षण कर पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। मिठनपुरा थानाध्यक्ष पर निलंबन की प्रक्रिया शुरू की गई, जबकि मनियारी के एक SI को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया।

थानों में लापरवाही पड़ी भारी:औचक निरीक्षण में SSP की बड़ी कार्रवाई,मुजफ्फरपुर में लेट नाइट एक्शन, थानेदार पर निलंबन की प्रक्रिया, SI सस्पेंड
Image Slider
Image Slider
Image Slider

मुजफ्फरपुर: जिले में कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने और पुलिसिंग में जवाबदेही तय करने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेस कुमार मिश्रा ने देर रात थानों का औचक निरीक्षण किया। इस अचानक हुई कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कर्तव्य में लापरवाही पाए जाने पर मिठनपुरा थानाध्यक्ष के खिलाफ निलंबन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई, जबकि मनियारी थाने के एक सब-इंस्पेक्टर को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, SSP ने सबसे पहले मिठनपुरा थाने का निरीक्षण किया। वे यह परखना चाहते थे कि रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जारी निर्देशों का पालन हो रहा है या नहीं। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि थानाध्यक्ष न तो थाने में मौजूद थे और न ही क्षेत्र में गश्त पर थे। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए SSP ने सख्त रुख अपनाया और थानाध्यक्ष से स्पष्टीकरण मांगते हुए उनके निलंबन की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया।

दूसरी ओर, मनियारी थाने में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक (SI) कन्हैया कुमार पर भी कार्रवाई की गाज गिरी। उन पर मामलों के अनुसंधान में अत्यधिक शिथिलता बरतने और समय पर जांच पूरी नहीं करने के आरोप थे। विभागीय समीक्षा में लापरवाही प्रमाणित होने के बाद SSP ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार केवल जीवन-यापन भत्ता ही मिलेगा।

कार्रवाई के बाद SSP ने जिले के सभी थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि रात के समय पुलिस की सक्रिय उपस्थिति सड़कों पर दिखनी चाहिए, ताकि अपराधियों में भय और आम जनता में सुरक्षा का विश्वास बना रहे।

इसके साथ ही अवैध शराब तस्करी और खनन माफियाओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने के निर्देश भी दिए गए। आम नागरिकों के साथ शालीन व्यवहार और शिकायतों के त्वरित निष्पादन पर भी जोर दिया गया।

SSP की इस सख्त कार्रवाई से साफ संकेत मिल गया है कि मुजफ्फरपुर पुलिस में अब लापरवाही के लिए कोई जगह नहीं है। आने वाले दिनों में अन्य थानों में भी इसी तरह के औचक निरीक्षण की संभावना जताई जा रही है।