पटना में पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़, पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड का मुख्य आरोपी जेपी यादव समेत तीन की मौत

मनेर थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई है। शेरपुर गंगा घाट के पास हुई इस मुठभेड़ में पुलिस ने तीन अपराधियों को मार गिराया है।

पटना में पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़, पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड का मुख्य आरोपी जेपी यादव समेत तीन की मौत
Image Slider
Image Slider
Image Slider

MANER/PATNA: जिले के मनेर थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई है। शेरपुर गंगा घाट के पास हुई इस मुठभेड़ में पुलिस ने तीन अपराधियों को मार गिराया है। मारे गए अपराधियों में पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड में फरार चल रहा मुख्य आरोपी जेपी यादव और उसके दो साथी बबलू तथा राजा शर्मा शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं, अपराधियों की गोली से मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार घायल हो गए हैं। घटना के बाद इलाके में पुलिस की गतिविधियां तेज हो गई हैं। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी है।

बताया जाता है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दानापुर और मनेर में हुए पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड में फरार मुख्य आरोपी जेपी यादव अपने साथियों के साथ मनेर के शेरपुर गंगा घाट के आसपास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए इलाके में छापेमारी शुरू कर दी।

इसी दौरान पुलिस और अपराधियों का आमना-सामना हो गया। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने पुलिस टीम को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी में मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान गोली लगने से तीनों अपराधियों की मौत हो गई।

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम भी पहुंची, जो साक्ष्य जुटाने के साथ ही गोलीबारी से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।

 

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि अपराधियों के पास कौन-कौन से हथियार थे और मुठभेड़ के दौरान कितनी गोलियां चलीं। वहीं, घायल थानाध्यक्ष रजनीश कुमार के इलाज को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।

फिलहाल, शेरपुर गंगा घाट पर हुई इस मुठभेड़ के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है और मामले में विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

दानापुर से रजत कुमार की रिपोर्ट