भरत तिवारी एनकाउंटर मामला: मां आशा देवी ने सरकार को दिया अल्टीमेटम, 27 नवंबर से शुरू करेंगी भूख हड़ताल
भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में पांच महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद न्याय नहीं मिलने से नाराज परिजनों ने अब आंदोलन तेज करने का फैसला लिया है। मृतक भरत तिवारी की मां आशा देवी ने बिहार सरकार को 26 नवंबर तक का अल्टीमेटम दिया है
BHOJPUR: भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में पांच महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद न्याय नहीं मिलने से नाराज परिजनों ने अब आंदोलन तेज करने का फैसला लिया है। मृतक भरत तिवारी की मां आशा देवी ने बिहार सरकार को 26 नवंबर तक का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि इस तारीख तक उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो 27 नवंबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगी।
27 नवंबर से गांव में शुरू होगा आंदोलन
आशा देवी ने समाज के सभी वर्गों से अपील की है कि वे 27 नवंबर को भोजपुर जिले के बिलौटी गांव पहुंचकर उनके आंदोलन को समर्थन दें। इस संबंध में भरत तिवारी के भाई चंदन तिवारी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया है। वीडियो में परिवार ने न्याय की मांग को लेकर अपनी आगे की रणनीति स्पष्ट की है।
आशा देवी ने कहा कि बेटे को न्याय दिलाने के लिए उनका संघर्ष आखिरी सांस तक जारी रहेगा। प्रस्तावित भूख हड़ताल में उनके साथ बेटा चंदन तिवारी, बहू सुमन देवी और परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल होंगे।
पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल, SIT जांच की मांग
आशा देवी ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि घटना के पांच महीने से अधिक समय गुजरने के बाद भी सभी आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उनके मुताबिक, अब तक केवल एसटीएफ के सिपाही अक्षय की गिरफ्तारी हुई है।
परिवार की प्रमुख मांगों में घटना में शामिल सभी आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी, पूरे मामले की एसआईटी से निष्पक्ष जांच और दोषियों को कड़ी सजा दिलाना शामिल है।
न्याय नहीं मिला तो आत्मदाह की चेतावनी
आशा देवी ने भावुक होते हुए कहा कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति से मिलकर अपनी बात रखेंगी। उन्होंने चेतावनी दी कि वहां से भी न्याय नहीं मिलने पर वह आत्मदाह जैसा कदम उठा सकती हैं।
उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की है। अगर वह इस लड़ाई में हारती हैं तो इसे पूरे बिहार और देश की हार मानेंगी।
17 जून को हुई थी भरत तिवारी की मौत
गौरतलब है कि 17 जून 2026 को भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में एनकाउंटर की घटना हुई थी, जिसमें भरत तिवारी की मौत हो गई थी। परिजनों का आरोप है कि भरत ने हथियार फेंक दिए थे, इसके बावजूद पुलिस ने उन्हें गोली मार दी। हालांकि, इस मामले में परिजनों के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।
अब 27 नवंबर से प्रस्तावित भूख हड़ताल को लेकर इलाके में हलचल तेज हो गई है। सभी की नजरें सरकार और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
pranavpr