आनंद मोहन की रिहाई रद्द होने पर तेजस्वी यादव का तीखा हमला, कहा- 'BJP और नीतीश कुमार सहूलियत के हिसाब से करते हैं इस्तेमाल'
पूर्व सांसद आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई रद्द होने के बाद बिहार की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। सुप्रीम कोर्ट ने जी. कृष्णैया हत्याकांड में आनंद मोहन की रिहाई को निरस्त करते हुए उन्हें एक महीने के भीतर आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है
PATNA: पूर्व सांसद आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई रद्द होने के बाद बिहार की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। सुप्रीम कोर्ट ने जी. कृष्णैया हत्याकांड में आनंद मोहन की रिहाई को निरस्त करते हुए उन्हें एक महीने के भीतर आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है। अदालत के इस फैसले पर आरजेडी के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने बीजेपी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों नेता अपनी राजनीतिक जरूरत और फायदे के हिसाब से लोगों का इस्तेमाल करते हैं।
तेजस्वी यादव ने कहा कि जब आनंद मोहन से राजनीतिक फायदा दिखाई देता है तो उन्हें जेल से बाहर निकलवाया जाता है और जब उनकी जरूरत नहीं रह जाती तो उन्हें दोबारा जेल भेजने की स्थिति बन जाती है। उन्होंने कहा कि यही बीजेपी और नीतीश कुमार के काम करने का तरीका है।
अनंत सिंह का उदाहरण देकर सरकार को घेरा
तेजस्वी यादव ने इस दौरान मोकामा विधायक अनंत सिंह का मामला भी उठाया। उन्होंने बिहार पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि पहले पुलिस ने अनंत सिंह के घर से एके-47 और अन्य हथियार मिलने की बात कही थी, लेकिन बाद में पुलिस की ओर से अलग जानकारी दी गई।
तेजस्वी ने आरोप लगाया कि जब अनंत सिंह ने चुनाव में साथ नहीं दिया तो उनके खिलाफ अलग से मुकदमा दर्ज हो गया। उन्होंने कहा कि बीजेपी और नीतीश कुमार अपनी सहूलियत के हिसाब से लोगों का इस्तेमाल करते हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने रद्द की आनंद मोहन की रिहाई
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने जी. कृष्णैया हत्याकांड में दोषी पूर्व सांसद आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई को रद्द कर दिया है। अदालत ने बिहार सरकार के वर्ष 2023 में जेल नियमों में किए गए संशोधन को असंवैधानिक घोषित करते हुए उन्हें एक महीने के भीतर सरेंडर करने का आदेश दिया है।
बिहार सरकार ने अप्रैल 2023 में बिहार जेल मैनुअल के नियमों में बदलाव किया था। इस संशोधन के बाद सरकारी सेवक की ड्यूटी के दौरान हत्या से जुड़े अपराध को सजा माफी की अपवाद सूची से हटा दिया गया था। इसी बदलाव के आधार पर आनंद मोहन की रिहाई का रास्ता साफ हुआ था।
जी. कृष्णैया हत्याकांड में मिली थी उम्रकैद
गौरतलब है कि 5 दिसंबर 1994 को तत्कालीन गोपालगंज जिलाधिकारी आईएएस जी. कृष्णैया की मुजफ्फरपुर में भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इस मामले में आनंद मोहन को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। करीब 17 साल जेल में रहने के बाद वर्ष 2023 में वह रिहा हुए थे।
अब सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद आनंद मोहन को दोबारा जेल जाना होगा। वहीं, इस मामले पर तेजस्वी यादव के बयान ने बिहार में सियासी बहस को और तेज कर दिया है।
pranavpr