जयनगर में भीषण सड़क हादसा: स्कॉर्पियो और टेम्पो की जोरदार टक्कर, तीन लोगों की दर्दनाक मौत
बिहार के मधुबनी जिले में गुरुवार की अहले सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। जयनगर थाना क्षेत्र के पिपराटोल के पास एनएच-227 पर स्कॉर्पियो और टेम्पो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई।
MADHUBANI: बिहार के मधुबनी जिले में गुरुवार की अहले सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। जयनगर थाना क्षेत्र के पिपराटोल के पास एनएच-227 पर स्कॉर्पियो और टेम्पो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, हादसा गुरुवार सुबह करीब चार बजे हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेम्पो सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही जयनगर थाना पुलिस और ग्रामीण पुलिसकर्मी कारी पासवान मौके पर पहुंचे। इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
ग्रामीण पुलिसकर्मी कारी पासवान ने बताया कि स्कॉर्पियो और टेम्पो के बीच टक्कर की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
वहीं, घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीण शशि यादव के मुताबिक, हादसे में एक व्यक्ति की मौत मौके पर ही हो गई थी, जबकि दो अन्य लोगों ने अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतक के मामा ने भी हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है।
बताया जा रहा है कि हादसे में जान गंवाने वाले तीनों लोग जयनगर के रहने वाले थे और वेटर का काम करते थे। हालांकि, मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
इस दर्दनाक घटना के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है, वहीं पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
मधुबनी से पांडव यादव की रिपोर्ट
pranavpr