आरएमडब्लू कॉलेज नवादा में कर्मचारी ने लगाया गंभीर आरोप, कुलपति से लगाई न्याय की गुहार
आरएमडब्लू कॉलेज, नवादा के कर्मचारी प्रमोद कुमार ने वर्तमान प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए मगध विश्वविद्यालय के कुलपति एवं कुलसचिव से न्याय की गुहार लगाई है।
NAWADA: आरएमडब्लू कॉलेज, नवादा के कर्मचारी प्रमोद कुमार ने वर्तमान प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए मगध विश्वविद्यालय के कुलपति एवं कुलसचिव से न्याय की गुहार लगाई है।
प्रमोद कुमार का कहना है कि दिनांक 04.11.2026 को वे सुबह 4:30 बजे घर से कॉलेज के लिए निकले थे। रास्ते में घना कोहरा और जाम होने के कारण कॉलेज पहुँचने में विलंब हो गया।
उनका कहना है कि विलंब का आभास होते ही उन्होंने सुबह 8:42 बजे ही व्हाट्सएप के माध्यम से छुट्टी का आवेदन बड़े बाबू एवं ऑनलाइन उपस्थिति देखने वाले मुकेश जी को भेज दिया था। फोन पर भी उन्होंने इसकी सूचना दे दी थी और कहा था कि कॉलेज पहुँचकर बच्चों का रुका हुआ कार्य कर देंगे।
इसके बावजूद उनका आरोप है कि वर्तमान प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार ने उन्हें अनुपस्थित दर्शाकर विश्वविद्यालय को रिपोर्ट भेज दी। इस बारे में जब उन्होंने प्राचार्य से बात की तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
20 साल में पहली बार ऐसा हुआ - प्रमोद कुमार
प्रमोद कुमार का कहना है कि अपने 20 वर्ष के कार्यकाल में उन्होंने डॉ. कामेश्वर शर्मा, डॉ. गणेश महतो, डॉ. शिवमंगल सिंह, प्रोफेसर दद्दन सिंह, डॉ. शैलेश कुमार श्रीवास्तव जैसे कई प्राचार्यों के साथ काम किया है, लेकिन कभी ऐसा नहीं हुआ।
उनका कहना है कि सभी पूर्व प्राचार्यों ने हमेशा नियम और इंसानियत के साथ काम किया। उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसा लगता है कि वर्तमान प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार उनसे व्यक्तिगत कारणों से नाराज हैं।
प्रमोद कुमार ने कुलपति एवं कुलसचिव महोदय से नम्र आग्रह किया है कि मामले की निष्पक्ष जाँच कराकर उन्हें यथाशीघ्र न्याय दिलाया जाए।उन्होंने कहा कि उन्हें छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के साथ काम करने का मौका मिला है, इसके लिए वे सदैव आभारी रहेंगे।
नवादा से सुनील कुमार की रिपोर्ट
pranavpr