बिहार में जेडीयू का बड़ा संगठनात्मक विस्तार, 137 सदस्यीय प्रदेश कार्यकारिणी घोषित; 52 जिला प्रभारियों को भी मिली जिम्मेदारी
बिहार में जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने संगठन को मजबूत और अधिक सक्रिय बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने 26 नवंबर 2026 को प्रदेश कार्यकारिणी की विस्तारित सूची जारी कर दी है।
PATNA: बिहार में जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने संगठन को मजबूत और अधिक सक्रिय बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने 26 नवंबर 2026 को प्रदेश कार्यकारिणी की विस्तारित सूची जारी कर दी है। नई सूची में कुल 137 नेताओं को जगह दी गई है। इसके साथ ही पार्टी ने 52 जिला संगठन प्रभारियों की भी नियुक्ति की है।
पार्टी के इस फैसले को आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के उद्देश्य से नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
प्रदेश उपाध्यक्ष से लेकर महासचिव तक को मिली जगह
जेडीयू की ओर से जारी सूची में प्रदेश उपाध्यक्ष, महासचिव और सचिव समेत विभिन्न पदों पर नेताओं को शामिल किया गया है। प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी रामचरित्र सिंह, विजय सहनी और विश्वनाथ सिंह को सौंपी गई है।
वहीं, प्रदेश महासचिव के पद पर रघुवीर सिंह, राज कुमार सिंह, अमर कुमार चौधरी उर्फ भगवान चौधरी, डॉ. अजय कुमार, मुर्तुजा अली कैसर, राजकुमार झा, रघुनाथ शर्मा और ओमप्रकाश सिंह सेतु समेत कई नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा मनीष कुमार को प्रदेश महासचिव के साथ मुख्यालय प्रभारी आईटी की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। प्रदेश सचिव के पद पर श्याम कुमार राय और अंजनी कुमार सिंह समेत कई अन्य नेताओं को शामिल किया गया है।
52 जिला संगठन प्रभारियों की भी नियुक्ति
प्रदेश कार्यकारिणी के विस्तार के साथ ही जेडीयू ने जिला स्तर पर भी संगठन को मजबूती देने की तैयारी की है। इसके तहत 52 नेताओं को जिला संगठन प्रभारी नियुक्त किया गया है।
पार्टी नेतृत्व का मानना है कि नई जिम्मेदारियों के जरिए संगठन की गतिविधियों को गति मिलेगी और कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सकेगा।
संगठन मजबूत करने पर जेडीयू का फोकस
राजनीतिक जानकारों की नजर में जेडीयू का यह संगठनात्मक विस्तार आगामी दिनों में पार्टी की रणनीति को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है। नई टीम के गठन के बाद अब सभी पदाधिकारियों के सामने संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने और पार्टी की नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाने की चुनौती होगी।
pranavpr