लैंड फॉर जॉब केस में लालू परिवार को बड़ा झटका, लालू-राबड़ी और तेजस्वी के खिलाफ आरोप तय करने का आदेश बरकरार
नौकरी के बदले जमीन (लैंड फॉर जॉब) मामले में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और उनके बेटे तेजस्वी यादव को दिल्ली हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है
New Delhi/Patna: नौकरी के बदले जमीन (लैंड फॉर जॉब) मामले में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और उनके बेटे तेजस्वी यादव को दिल्ली हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। अदालत ने इस मामले में तीनों के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप तय करने के निचली अदालत के आदेश को बरकरार रखा है। हाईकोर्ट के इस फैसले से लालू परिवार की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
दरअसल, सीबीआई ने इस चर्चित मामले में आरोप लगाया है कि वर्ष 2004 से 2009 के बीच जब लालू प्रसाद यादव केंद्र सरकार में रेल मंत्री थे, उस दौरान रेलवे में नौकरी देने के बदले अभ्यर्थियों और उनके परिजनों से जमीन ली गई थी। जांच एजेंसी का दावा है कि इस कथित घोटाले में लालू परिवार के सदस्यों की भूमिका रही है।
निचली अदालत के फैसले को लालू परिवार ने दी थी चुनौती
गौरतलब है कि 13 अक्टूबर 2025 को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने लालू परिवार के सदस्यों समेत कुल 14 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने का आदेश दिया था। निचली अदालत के इस फैसले को लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव की ओर से दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी।
हालांकि, हाईकोर्ट ने निचली अदालत के आदेश में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया और आरोप तय करने के फैसले को बरकरार रखा। इससे अब मामले की कानूनी कार्यवाही आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है।
IRCTC होटल टेंडर मामले में भी गंभीर आरोप
इस मामले से जुड़े IRCTC होटल टेंडर प्रकरण में भी सीबीआई ने अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक, लालू यादव के रेल मंत्री रहने के दौरान रांची और पुरी स्थित IRCTC के दो होटलों का ठेका निजी कंपनी सुजाता होटल्स को दिया गया था।
सीबीआई का आरोप है कि टेंडर प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी की गई और इसके बदले लालू परिवार को जमीन तथा शेयर के रूप में कथित लाभ पहुंचाया गया।
लालू परिवार की बढ़ सकती हैं मुश्किलें
दिल्ली हाईकोर्ट के ताजा फैसले के बाद लैंड फॉर जॉब मामले में लालू परिवार को कानूनी लड़ाई आगे भी लड़नी होगी। हालांकि, आरोप तय होना दोष सिद्ध होना नहीं है। मामले में अदालत के सामने आरोपों की सुनवाई और साक्ष्यों के आधार पर आगे फैसला होना बाकी है।
pranavpr