बेटी की विदाई के 9 दिन बाद जेल जाएंगे अनंत सिंह! विधायकी बचाने के लिए स्पीकर के नोटिस का देना होगा जवाब
मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी संपन्न हो गई है। बेटी की विदाई के बाद अब अनंत सिंह के सामने दो बड़ी चुनौतियां हैं। एक तरफ उन्हें दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार सरेंडर करना है
पटना: मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी संपन्न हो गई है। बेटी की विदाई के बाद अब अनंत सिंह के सामने दो बड़ी चुनौतियां हैं। एक तरफ उन्हें दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार सरेंडर करना है, तो दूसरी तरफ अपनी विधानसभा सदस्यता बचाने के लिए विधानसभा अध्यक्ष के नोटिस का जवाब भी देना होगा। बताया जा रहा है कि बेटी की विदाई के महज नौ दिन बाद अनंत सिंह को जेल जाना पड़ सकता है।
सुप्रीम कोर्ट ने दिया है सरेंडर करने का आदेश
दरअसल, मोकामा विधायक अनंत सिंह को दुलारचंद यादव हत्याकांड में साजिश रचने के आरोप में पिछले साल 1 नवंबर को गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, पटना हाईकोर्ट ने इस साल 19 मार्च को उन्हें जमानत दे दी थी। इसके बाद मृतक दुलारचंद यादव के पोते नीरज कुमार ने हाईकोर्ट के जमानत आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी।
मामले की सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति एमएम सुंदरेश और न्यायमूर्ति प्रसन्ना बी. वराले की पीठ ने अनंत सिंह को सरेंडर करने का निर्देश दिया। साथ ही बिहार पुलिस को चार महीने के भीतर मामले की जांच पूरी करने को कहा गया है।
क्या है दुलारचंद यादव हत्याकांड?
यह मामला 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान का है। मोकामा में चुनाव प्रचार के दौरान जेडीयू प्रत्याशी अनंत सिंह और जन सुराज के उम्मीदवार पीयूष प्रियदर्शी के समर्थकों के बीच विवाद के बाद हिंसा भड़क गई थी। इसी दौरान जन सुराज समर्थक दुलारचंद यादव की मौत हो गई थी। आरोप है कि उन्हें एक एसयूवी से कुचल दिया गया था। परिजनों ने गोली मारने का आरोप भी लगाया था।
विधायकी बचाने के लिए भी देना होगा जवाब
अनंत सिंह के सामने दूसरी बड़ी चुनौती विधानसभा सदस्यता बचाने की है। जेडीयू से निष्कासित किए जाने के बाद पार्टी की ओर से विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार से उनकी सदस्यता समाप्त करने की मांग की गई थी। इसके बाद विधानसभा सचिवालय ने अनंत सिंह को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था।
शुरुआत में उन्हें सात दिनों का समय दिया गया था, लेकिन बेटी की शादी का हवाला देकर उन्होंने अतिरिक्त मोहलत मांगी थी। अब यह मोहलत 30 नवंबर को समाप्त हो रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि अनंत सिंह अगले कुछ दिनों में कानूनी सलाह लेकर विधानसभा अध्यक्ष को अपना जवाब सौंप सकते हैं।
उपचुनाव की भी जताई जा रही आशंका
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि अनंत सिंह को अपनी विधायकी जाने और मोकामा में उपचुनाव होने की आशंका है। जेडीयू ने उन पर एमएलसी चुनाव के दौरान पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ बयान देने और जन सुराज के प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार करने का आरोप लगाया है।
फिलहाल अनंत सिंह के सामने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करने और विधानसभा में अपनी सदस्यता को लेकर कानूनी पक्ष रखने की चुनौती है। आने वाले कुछ दिन उनके राजनीतिक भविष्य के लिहाज से अहम माने जा रहे हैं।
pranavpr