बिहार में तेज रफ्तार स्कार्पियो ने युवक को रौंदा, दो घंटे एनएच जाम, खूब बवाल
मोतिहारी में तेजरफ्तार ने फिर एक जान ली, बंजरिया थाना क्षेत्र में तेजरफ्तार स्कार्पियो ने एक 19 वर्षीय युवक को कुचल मौके से फरार हो गया।
MOTIHARI/BIHAR: मोतिहारी में तेजरफ्तार ने फिर एक जान ली, बंजरिया थाना क्षेत्र में तेजरफ्तार स्कार्पियो ने एक 19 वर्षीय युवक को कुचल मौके से फरार हो गया। घटना स्थल पर युवक की मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टक्कर की आवाज सुन आसपास के लोग एकत्रित हो गए और जहां भीड़ जमा हो गई। वहीं हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर दो घंटे तक एनएच-28 ए जाम रखा।
आपको बता दें कि घटना झखिया नयका टोला के समीप की है। मृतक की पहचान जितेश कुमार के रूप में हुई है। वह सड़क पार कर घर लौट रहा था, तभी मोतिहारी से छपवा की ओर जा रही स्कार्पियो ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक फरार हो गया।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने टायर जलाकर प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंचे सीओ और थानाध्यक्ष ने उचित मुआवजे का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम हटाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस फरार स्कार्पियो चालक की तलाश में जुटी है।
मोतिहारी से अरविंद कुमार की रिपोर्ट
pranavpr