बिहार में अलाव से घर में लगी आग, मां-बेटी जिंदा जले, बचाने गया पति भी झुलसा

बिहार के पश्चिम चंपारण से दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है, जहां जानवरों के लिए जलाए गए अलाव से पूरे घर में आग लग गई।

बिहार में अलाव से घर में लगी आग, मां-बेटी जिंदा जले, बचाने गया पति भी झुलसा
Image Slider
Image Slider
Image Slider

WEST CHAMPARAN: बिहार के पश्चिम चंपारण से दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है, जहां जानवरों के लिए जलाए गए अलाव से पूरे घर में आग लग गई। जिसमें मां और बेटी जिंदा जल गए। वहीं बचाने पहुंचा पति भी झुलस गया। घटना गोपालपुर के वार्ड संख्या-2 के डकही गांव की है।

मिली जानकारी के अनुसार, मवेशी के लिए अलाव जलाया गया था। लेकिन अचानक घर में आग लग गई जो काफी तेजी से फैली। रात में लगी आग में मां-बेटी जिंदा जल गई। घटनास्थल पर ही दोनों की मौत हो गई। दोनों को बचाने में पति झुलस गया। अगलगी में गाय समेत आधा दर्जन बकरियां भी जल कर मर गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया।

जानकारी के अनुसार डकही गांव का ब्रदी राम अपनी पत्नी सुगांती देवी (38) पुत्री खुशबू कुमारी (15) के साथ सोमवार रात फूस के घर में सोया था। इसी दौरान बगल में गाय व बकरी बंधे कमरे (मरई) में अलाव से आग लग गई। गाय व बकरियों के इधर-उधर भागने की आवाज पर ब्रदी जगा और रस्सी खोलने के लिए दौड़ा। जब तक वह गाय की रस्सी खोलता आग पूरे घर में फैल गई। इधर, उसकी पत्नी सुगांती व पुत्री खुशबू उसी घर में सोई रही। आग की लपटों के कारण बद्री गाय की रस्सी नहीं खोल पाया।

इधर, फूस के घर का पूरा छप्पर अचानक गिर गया। इसमें उसकी पत्नी व पुत्री दब गई। वह उन्हें बचाने के लिए दौड़ा, लेकिन आग की तेज लपटों से आगे नहीं बढ़ पाया। हो-हल्ला सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने उसे रोक लिया। इसमें वह मामूली रूप से झुलस गया। इधर, दोनों मां-बेटी आग में पूरी तरह से जल गई। बाद में ग्रामीणों के प्रयास से आग पर काबू पाया गया। सूचना पर पुलिस पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रात में जीएमसीएच भेज दिया।