दिसंबर में भी बिहार में नहीं पड़ रही ठंड, टूटा पिछले 18 सालों का रिकॉर्ड, जानें कब पड़ेगी सर्दी..?

बिहार में साल 2024 के गिने-चुने दिन ही बचे है और प्रदेश में ठंड की बजाय लोग गर्मी से ज्यादा परेशान हैं। केवल सुबह और शाम में ही ठंड का एहसास हो रहा है। इस साल पिछले 18 साल का रिकॉर्ड टूटा है..

दिसंबर में भी बिहार में नहीं पड़ रही ठंड, टूटा पिछले 18 सालों का रिकॉर्ड, जानें कब पड़ेगी सर्दी..?

PATNA: बिहार में साल 2024 के गिने-चुने दिन ही बचे है और प्रदेश में ठंड की बजाय लोग गर्मी से ज्यादा परेशान हैं। केवल सुबह और शाम में ही ठंड का एहसास हो रहा है। इस साल पिछले 18 साल का रिकॉर्ड टूटा है। पिछले कई सालों में लोगों ने दिसंबर के महीने में इतनी गर्मी का एहसास नहीं किया था। पिछले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 3.7 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। जो स्वास्थ्य और फसल दोनों के लिए खराब है।

मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो किसी तरह का मौसमी सिस्टम नहीं बन रहा है। पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय नहीं है, जिससे ठंड का असर नहीं हो रहा है। जनवरी के प्रथम सप्ताह में तापमान में गिरावट होने का अनुमान है। पटना सहित 28 शहरों के अधिकतम तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। सर्वाधिक बढ़ोतरी कैमूर में दर्ज की गई जहां तीन डिग्री अधिकतम तापमान ऊपर चढ़कर 27.5 डिग्री पर पहुंच गया। पटना में अधिकतम तापमान शनिवार के मुकाबले रविवार को 1.1 डिग्री ऊपर चढ़ा। तेज धूप की वजह से लोगों ने दिन में गर्मी महसूस की। रविवार की सुबह पटना सहित राज्य के अधिकतर जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट महसूस की गई थी।

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के मुताबिक अभी पुरवा का प्रभाव राज्य भर में बना हुआ है जिससे नमी का संचार हो रहा है। आसमान साफ होने की वजह से सूर्य की किरणें बिना रुकावट के आ रही हैं। इससे दिन में तापमान में बढ़ोतरी और उमस की स्थिति बन रही है। रविवार को कई दिनों बाद राजधानी में लोग बिना स्वेटर के दिखे।

इस बार दिसंबर के मौसम में उतार चढ़ाव की स्थिति अधिक बन रही है। बार-बार तापमान ऊपर नीचे हो रहा है। अब तक कोहरे की स्थिति भी ज्यादा नहीं दिखी है। एक-दो दिन ही आंशिक से मध्यम कोहरे की स्थिति बनी है। सामान्यत दिसंबर महीने में कोहरे की सघनता बढ़ जाती थी और दृश्यता में भारी कमी देखी जाती थी। मौसमविदों का कहना है कि एक हफ्ते में कुछ जगहों पर घने कोहरे की स्थिति बन सकती है।

गौरतलब है कि मौसम के असंतुलित व्यवहार की वजह से पटना में इस दिसंबर के आरंभ में अधिकतम तापमान पिछले 18 सालों का रिकॉर्ड तोड़ चुका है। मौसमविदों के अनुसार अब नए साल में ठंड में बढ़ोतरी होगी। उससे पहले तापमान में आंशिक उतार चढ़ाव की स्थिति बनी रहेगी। मौसमविदों ने अगले दो तीन दिन में ठंड में कमी आने के आसार जताए हैं।