बिहार में अप्रैल महीने में ही गर्मी से कई जिले हुए लाल-पीले, बक्सर में पारा 42 डिग्री पार, जानें मौसम का हाल

बिहार में अप्रैल महीने की शुरुआत के साथ ही राज्य के कई जिले लाल-पीले होने शुरु हो गए हैं। प्रदेश में लू की शुरुआत के साथ ही कई जिलों में उष्ण लहर की स्थिति देखी जा रही है। वहीं कुछ जिलों को छोड़कर ज्यादातर शहरों में पारा 40 के पार पहुंच चुका है।

बिहार में अप्रैल महीने में ही गर्मी से कई जिले हुए लाल-पीले, बक्सर में पारा 42 डिग्री पार, जानें मौसम का हाल

PATNA: बिहार में अप्रैल महीने की शुरुआत के साथ ही राज्य के कई जिले लाल-पीले होने शुरु हो गए हैं। प्रदेश में लू की शुरुआत के साथ ही कई जिलों में उष्ण लहर की स्थिति देखी जा रही है। वहीं कुछ जिलों को छोड़कर ज्यादातर शहरों में पारा 40 के पार पहुंच चुका है। वहीं बक्सर में तापमान 42 डिग्री के पार अभी ही पहुंच चुका है तो सोचिए मई, जून में क्या स्थिति होगी। पटना मौसम विभाग के अनुसार सात अप्रैल तक राज्य में उत्तर पछुआ हवा का प्रवाह जारी रहेगा और तापमान में वृद्धि होने की संभावना है।

वहीं दूसरी ओर आज दक्षिण सहित उत्तर बिहार के कई जिलों में भी तापमान में काफी बढ़ोतरी की संभावना है। दक्षिण बिहार के ज्यादातर जिलों का तापमान 40 डिग्री से ऊपर या उसके आसपास रहने वाला है। सात और आठ अप्रैल को दक्षिण बिहार के कुछ जिलों में हल्की बूंदाबांदी और बादल छाए रहने के आसार हैं। इससे तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है। आज शुक्रवार और कल शनिवार को हीट वेव से राहत की उम्मीद नहीं है।

बिहार के 9 जिलों का तापमान 40 डिग्री के पार

आपको बता दें कि बिहार में उष्ण लहर और लू के साथ तापमान में बढ़ोतरी बीते बुधवार से हो रही है। गुरुवार को राज्य का तापमान 42 डिग्री से पार हो गया। राज्य के 9 जिलों में 40 डिग्री से ऊपर तापमान रहा। इन नौ जिलों में उष्ण लहर के साथ लू की स्थिति बनी रही। सबसे अधिक तापमान बक्सर में 42.2 डिग्री सेल्सियस रहा। दूसरे नंबर पर शेखपुरा रहा जहां का तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। औरंगाबाद में 41.5, बांका में 41, खगड़िया में 40.8, गोपालगंज में 40.6, भोजपुर में 40.4, सीवान में 40.4 और नवादा में 40.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

राजधानी पटना में कैसा रहा मौसम?

बात राजधानी पटना की करें तो गुरुवार को 39 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। पटना में हीट वेव की स्थिति देखी गई। राज्य के उत्तर पूर्व जिलों में थोड़ी सी राहत देखने को मिली है। पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, किशनगंज, अररिया, सुपौल में तापमान में हल्की गिरावट हुई है। सबसे कम अधिकतम तापमान किशनगंज में 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार को बिहार का औसत तापमान 38 डिग्री के करीब रहा।