सुपौल में आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई पनोरमा ग्रुप के सीएमडी संजीव मिश्रा के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
सुपौल जिले में मंगलवार की सुबह आयकर विभाग की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। पनोरमा ग्रुप के सीएमडी संजीव मिश्रा से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई।
NBC24NEWSDESK: सुपौल जिले में मंगलवार की सुबह आयकर विभाग की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। पनोरमा ग्रुप के सीएमडी संजीव मिश्रा से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। सबसे प्रमुख कार्रवाई छातापुर थाना क्षेत्र स्थित पनोरमा ग्रुप के पनोरमा पब्लिक स्कूल परिसर में देखी गई, जहां अचानक कई गाड़ियों से पहुंची टीम ने परिसर को घेर लिया और जांच शुरू कर दी।सूत्रों के अनुसार, इनकम टैक्स विभाग की टीम ने सुबह-सुबह दबिश दी, जिससे स्थानीय स्तर पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कार्रवाई के दौरान मीडिया को स्कूल परिसर और आसपास के इलाके से दूर रखा गया। टीम के अधिकारी पूरी तरह गोपनीयता बरतते नजर आए और किसी भी तरह की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई।
बताया जा रहा है कि संजीव मिश्रा इलाके के बड़े कारोबारी हैं और शिक्षा के क्षेत्र में भी उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। पनोरमा ग्रुप के तहत उनक कई स्कूल संचालित बताए जा रहे हैं। हालांकि, छापेमारी का कारण और जांच का दायरा क्या है, इसे लेकर अब तक स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ सकी है। इसी बीच चर्चा है कि पूर्णिया में भी पनोरमा ग्रुप से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ रेड की गई है। हालांकि, यह सूचना अभी अपुष्ट बताई जा रही है। स्थानीय स्तर पर इस बात को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं, लेकिन आधिकारिक पुष्टि का अभाव बना हुआ है।
मामले को लेकर सुपौल के पुलिस अधीक्षक (SP) और त्रिवेणीगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) से संपर्क किया गया, लेकिन दोनों अधिकारियों ने इस कार्रवाई की पुष्टि नहीं की है। इससे कार्रवाई को लेकर रहस्य और गहराता जा रहा है।
फिलहाल आयकर विभाग की टीम पनोरमा पब्लिक स्कूल परिसर में दस्तावेजों की जांच और अन्य प्रक्रियाओं में जुटी हुई है। छापेमारी कितनी देर तक चलेगी और इसके क्या नतीजे सामने आएंगे, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। प्रशासनिक चुप्पी के बीच सुपौल और आसपास के इलाकों में यह कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है।
सुपौल से कुणाल कुमार की रिपोर्ट।
sweetysharma31517