नीट की परीक्षा में पेपर लीक होने पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजेश दीक्षित की प्रेस वार्ता
बांदा(उप्र), उप्र कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष माननीय अजय राय पूर्व मंत्री के निर्देशानुसार कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने प्रेस वार्ता में मीडिया से रूबरू होते हुए बतलाया कि "वर्ष 2018, 2021, 2022, 2024, 2026 में नीट परीक्षा में गड़बड़ियां एवं पेपरलीक हुए।
इसके पूर्व भी 2015 में एआईपीएमटी (वर्तमान में नीट) का भी पेपरलीक हो चुका है। देश में युवाओं और छात्रों के भविष्य के साथ लगातार हो रही भयावह त्रासदी के बावजूद केन्द्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेन्द्र प्रधान ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा नहीं दिया। कांग्रेस पार्टी केन्द्रीय शिक्षा मंत्री के तत्काल इस्तीफे की मांग करती है। विगत 03 मई 2026 को आयोजित नीट परीक्षा जिसमें कुल 22 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए थे उसमें बड़े पैमाने पर प्रश्न लीक हुए जिसकी खबर सोशल मीडिया के माध्यम से पूरे देश में सार्वजनिक हुए।
दबाव में आयी केन्द्र सरकार को परीक्षा रद्द करनी पड़ी थी और दुबारा परीक्षा कराये जाने का निर्णय लेना पड़ा। उन्होने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली नीट परीक्षा के अलावा सीबीएससी की उत्तर पुस्तिका मूल्यांकन में गड़बड़ियों के अतिरिक्त उत्तर प्रदेश में चाहे लेखपाल भर्ती परीक्षा हो, यूपीएसआई, पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा हो, आरओ-एआरओ भर्ती परीक्षा हो, एसएससी जीडी भर्ती परीक्षा हो, सहायक प्रोफेसर भर्ती परीक्षा हो, ऐसी तमाम प्रतियोगी परीक्षाएं पेपर लीक के माध्यम से भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गयीं।
हाल ही में हुई नीट परीक्षा के पेपर लीक के बाद कांग्रेस पार्टी द्वारा आवाज उठाने एवं सड़कों पर संघर्ष करने के चलते सरकार को पुनः परीक्षा कराने का निर्णय लेना पड़ा। नीट पेपर लीक से पैदा हुए मानसिक तनाव के कारण देश के विभिन्न राज्यों से अब तक 12 छात्र अपनी जान गंवा चुके हैं। पिछले 12 वर्षों में 23 राष्ट्रीय परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं यानी लगभग हर वर्ष दो पेपर लीक हुए हैं। अब तक देश भर में लगभग 90 से अधिक पेपर लीक हो चुके हैं लेकिन दोषियों को सजा मिलने के मामले न के बराबर है।
22 लाख छात्रों की नीट परीक्षा की तैयारी का औसत खर्च एक लाख बत्तीस हजार करोड़ रूपये आता है जो हिन्दुस्तान के मौजूदा शिक्षा बजट एक लाख चालीस हजार करोड़ के करीब है।वर्तमान शिक्षा व्यवस्था असफलता के चरम पर है।छात्रों की गूंज कार्यक्रम के माध्यम से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी जी एक नई शिक्षा व्यवस्था की नींव रखना चाहते है। एनबीसी 24 के लिए यूपी के बांदा से मोहम्मद हुसैन की रिपोर्ट।