सोपोर सर्च ऑपरेशन: सुरक्षा बलों को मिला हथियारों का जखीरा, बड़ा नेटवर्क ध्वस्त
उत्तर कश्मीर के सोपोर (वारपोरा) में सुरक्षा बलों ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन (CASO) के दौरान AK-47 राइफल, हैंड ग्रेनेड और कारतूस सहित हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद कर आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया है।
सोपोर: उत्तर कश्मीर के सोपोर के वारपोरा गांव में सोमवार को सुरक्षा बलों ने कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन (CASO) के दौरान हथियारों और गोला-बारूद का एक जखीरा बरामद किया।
अधिकारियों के अनुसार, स्थानीय लोगों से प्राप्त विशेष सूचना के आधार पर यह संयुक्त अभियान शुरू किया गया। इस अभियान में सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) और सीआरपीएफ (CRPF) ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया।तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने मौके से एक AK-47 राइफल, तीन हैंड ग्रेनेड, एक अंडर बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (UBGL) तथा 30 जिंदा कारतूस बरामद किए, जिन्हें छिपाकर रखा गया था।
बरामद हथियारों और गोला-बारूद को कब्जे में लेकर आगे की जांच के लिए मामला दर्ज कर लिया गया है।अधिकारियों का कहना है कि इस बरामदगी से आतंकवादी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और हथियारों व विस्फोटकों के संभावित दुरुपयोग की साजिश को समय रहते विफल कर दिया गया। उन्होंने बताया कि बरामद हथियारों के स्रोत और इनके संभावित इस्तेमाल की जांच जारी है।