मामूली सी नोक-झोंक में पति ने पत्नी की चाकू मारकर कर दी हत्या, बचाने आए साले को भी किया घायल
पत्नी से हुई नोक-झोक तो पति ने ले ली जान, बीच बचाव में आये साले को भी किया जख्मी, पढ़े पूरी रिपोर्ट
नवादा : रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के खानापुर गांव में सामने आई है। मामूली घरेलू विवाद में पति ने पत्नी की चाकू गोदकर हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आए पत्नी के भाई को भी आरोपी ने चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मृतका की पहचान चैनपुरा गांव निवासी रामप्रवेश सिंह के पुत्र चंद्रमौलि सिंह की पत्नी पूजा कुमारी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसको लेकर दोनों ने न्यायालय में बांड भी भरा था। गुरुवार को विवाद बढ़ने पर आरोपी पति चंद्रमौलि सिंह ने पूजा कुमारी पर चाकू से कई वार कर दिए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। शोर सुनकर बहन को बचाने पहुंचे पूजा के भाई को भी आरोपी ने पेट में चाकू मार दी। गंभीर हालत में उसे पटना रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही वारिसलीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को चाकू समेत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद ही हत्या की वजह सामने आ रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।