UP News: योगी सरकार का किसानों को बड़ा तोहफा, फसल मुआवजा बढ़ा; आपदा में मौत पर अब मिलेंगे 8 लाख रुपये

उत्तर प्रदेश के किसानों और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों के लिए योगी सरकार ने बड़ा राहत भरा फैसला लिया है। सरकार ने प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए आर्थिक सहायता राशि बढ़ा दी है..

UP News: योगी सरकार का किसानों को बड़ा तोहफा, फसल मुआवजा बढ़ा; आपदा में मौत पर अब मिलेंगे 8 लाख रुपये
Image Slider
Image Slider
Image Slider

LUCKNOW: उत्तर प्रदेश के किसानों और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों के लिए योगी सरकार ने बड़ा राहत भरा फैसला लिया है। सरकार ने प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए आर्थिक सहायता राशि बढ़ा दी है। अब आपदा में किसी व्यक्ति की मृत्यु होने पर उसके परिजनों को चार लाख रुपये के बजाय आठ लाख रुपये की सहायता मिलेगी। वहीं, फसल नुकसान पर मिलने वाले मुआवजे में भी 25 से 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की गई है। सरकार के मुताबिक, इस फैसले से प्रदेश के 10 लाख से अधिक किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

नई दरों के अनुसार, सिंचित क्षेत्र में फसल बर्बाद होने पर मुआवजा 17 हजार से बढ़ाकर 22 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर कर दिया गया है। वहीं, वर्षा आधारित क्षेत्रों में यह राशि 8,500 से बढ़ाकर 11 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर होगी। बारहमासी फसलों और कृषि वानिकी के नुकसान पर अब 30 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर की सहायता मिलेगी। एक अप्रैल से चार नवंबर तक हुए नुकसान पर भी संशोधित दरें लागू होंगी।

सरकार ने पशुधन के नुकसान पर भी सहायता राशि बढ़ाई है। बड़े पशुओं की मृत्यु पर 50 हजार रुपये, बकरी, भेड़ और सूअर की मृत्यु पर 5,500 रुपये तथा घोड़े और खच्चर की मृत्यु पर 25,400 रुपये दिए जाएंगे। मुर्गीपालकों को प्रति मुर्गी 130 रुपये का मुआवजा मिलेगा।

इसके अलावा आपदा में मकान क्षतिग्रस्त होने पर भी सहायता बढ़ाई गई है। पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकान के लिए मैदानी क्षेत्रों में 1.85 लाख और पहाड़ी क्षेत्रों में 2.06 लाख रुपये मिलेंगे।

राहत शिविरों में प्रभावित परिवारों को सामान्य परिस्थितियों में 30 दिनों तक भोजन, कपड़े और आवास की सुविधा मिलेगी। जरूरत पड़ने पर इसे 60 दिनों तक बढ़ाया जा सकेगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि सहायता राशि लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी।