नवादा में घर में घुसकर परिवार पर जानलेवा हमला, 6 घायल; दुधमुंही बच्ची भी जख्मी, पावापुरी रेफर

बिहार के नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र स्थित कहुआरा डीह गांव में शुक्रवार देर रात एक परिवार पर कथित तौर पर 20 से 30 लोगों की भीड़ ने घर में घुसकर हमला कर दिया। इस हमले में एक ही परिवार के छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए,

नवादा में घर में घुसकर परिवार पर जानलेवा हमला, 6 घायल; दुधमुंही बच्ची भी जख्मी, पावापुरी रेफर
Image Slider
Image Slider
Image Slider

बिहार : बिहार के नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र स्थित कहुआरा डीह गांव में शुक्रवार देर रात एक परिवार पर कथित तौर पर 20 से 30 लोगों की भीड़ ने घर में घुसकर हमला कर दिया। इस हमले में एक ही परिवार के छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक दुधमुंही बच्ची भी शामिल है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पावापुरी स्थित विम्स अस्पताल रेफर किया गया है।

पीड़ित पहलाद कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि गांव की एक युवती, जो रिश्ते में उनकी चचेरी बहन लगती है, कथित रूप से उन पर शादी का दबाव बना रही थी। पहलाद का कहना है कि युवती रक्षा बंधन पर उन्हें राखी बांधती थी, इसलिए शादी का सवाल ही नहीं उठता था। वहीं, ग्रामीणों के बीच दोनों के प्रेम-प्रसंग की चर्चा भी होने की बात सामने आई है। पुलिस इन सभी दावों की जांच कर रही है।

परिजनों के अनुसार, घटना की रात युवती उनके घर पहुंची और रोने लगी। इसी दौरान अचानक 30 से 40 लोगों की भीड़ लोहे की रॉड, टांगा, खंती और अन्य धारदार हथियारों के साथ पहुंची। आरोप है कि पहले मुख्य दरवाजा तोड़ने की कोशिश की गई, लेकिन असफल रहने पर हमलावर पड़ोसी की छत के रास्ते घर में घुस गए और परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया।

हमले में घर का आंगन खून से सन गया और दरवाजे भी क्षतिग्रस्त हो गए। पीड़ित परिवार का आरोप है कि मारपीट के बाद हमलावर घर से सामान लूटकर फरार हो गए। साथ ही केस वापस लेने की धमकी भी दी जा रही है, जिससे परिवार दहशत में है।

घायलों में भगीरथ प्रसाद, कारी देवी, लक्ष्मण कुमार, श्रवण कुमार, पहलाद कुमार और प्रीति राज शामिल हैं। इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

इस मामले में राजेंद्र प्रसाद, चंदन कुमार, विकास कुमार, छोटू कुमार, मुकेश कुमार, संतोष कुमार समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

नारदीगंज थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

वहीं, पीड़ित परिवार ने नवादा के एसपी अभिनव धीमन और मगध रेंज के आईजी विकास वैभव से मुलाकात कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।