गया में ‘लुटेरी दुल्हन’ गिरोह का पर्दाफाश? शादी के कुछ घंटों बाद दुल्हन फरार, दो हिरासत में
बिहार के गया में कथित ‘लुटेरी दुल्हन’ गिरोह से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शादी के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का आरोप लगाते हुए उत्तर प्रदेश के बदायूं निवासी दूल्हे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
बिहार: बिहार के गया में कथित ‘लुटेरी दुल्हन’ गिरोह से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शादी के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का आरोप लगाते हुए उत्तर प्रदेश के बदायूं निवासी दूल्हे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। मामले में सिविल लाइंस थाना पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पीड़ित हिमेंद्र ने बताया कि वह शादी करने के लिए अपने साथियों के साथ गया आया था। आरोप है कि गिरोह के सदस्य उसे गया जंक्शन से बोधगया के हरली इलाके में ले गए, जहां पहले लड़की दिखाई गई और बाद में विष्णुपद मंदिर में दोनों की शादी करवा दी गई।
शादी के कुछ ही देर बाद दुल्हन नाश्ता करने का बहाना बनाकर अपने एक सहयोगी के साथ वहां से फरार हो गई। इसके बाद दुल्हन पक्ष के अन्य लोग भी मौके से गायब हो गए।
हिमेंद्र का आरोप है कि शादी कराने के नाम पर उससे 1.26 लाख रुपये लिए गए, जिसमें शादी के कपड़े और अन्य खर्च भी शामिल थे। बाद में उसने दुल्हन के कथित मामा भरत साव और बीरबल यादव को शिक्षा विभाग कार्यालय के पास देखा। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ और सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
सिविल लाइंस थाना पुलिस ने भरत साव और बीरबल यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
टाउन डीएसपी सरोज साह ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि मामला वास्तव में किसी लुटेरी दुल्हन गिरोह से जुड़ा है या इसके पीछे कोई अन्य साजिश है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और संबंधित लोगों से पूछताछ कर सच्चाई का पता लगाने का प्रयास कर रही है।