Gold–Silver Price Crash: औंधे मुंह गिरे सोने-चांदी के दाम, पटना से दिल्ली तक सर्राफा बाजार में हड़कंप
सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट से सर्राफा बाजार में हड़कंप मच गया है। वैश्विक संकेतों और डॉलर की मजबूती के कारण सोना 23 हजार और चांदी 1.33 लाख रुपये तक अपने रिकॉर्ड स्तर से नीचे आ चुकी है।
Bihar Gold Rate Today:दो दिनों की तेजी के बाद सर्राफा बाजार में एक बार फिर बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को सोने और चांदी के भाव एक झटके में धड़ाम हो गए, जिससे पटना से लेकर दिल्ली तक कारोबारियों और निवेशकों में खलबली मच गई। वैश्विक संकेतों में नरमी, अमेरिका–ईरान के बीच तनाव कम होने की उम्मीद और डॉलर की मजबूती ने कीमती धातुओं पर दबाव बढ़ा दिया है।
बाजार जानकारों के अनुसार, निवेशक अब सेफ हेवन एसेट से पैसा निकाल रहे हैं, जिसका सीधा असर सोने-चांदी की कीमतों पर पड़ा है। गुरुवार को 24 कैरेट सोना 3617 रुपये की भारी गिरावट के साथ बिना GST 1,53,012 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। GST जोड़ने के बाद इसकी कीमत 1,57,602 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गई।
वहीं चांदी की हालत और भी खराब नजर आई। चांदी में 30,230 रुपये प्रति किलो की बड़ी गिरावट दर्ज की गई और यह 2,52,232 रुपये प्रति किलो (बिना GST) पर आ गई। GST के साथ चांदी की कीमत 2,59,798 रुपये प्रति किलो रही। इसके अलावा प्लैटिनम भी 4,565 रुपये टूटकर 67,890 रुपये के स्तर पर फिसल गया।
अगर ऑल टाइम हाई से तुलना करें तो गिरावट और भी चौंकाने वाली है। सोना अपने रिकॉर्ड हाई 1,76,121 रुपये प्रति 10 ग्राम से अब तक 23,109 रुपये सस्ता हो चुका है। वहीं चांदी 29 जनवरी को बने रिकॉर्ड हाई 3,85,933 रुपये प्रति किलो से अब तक 1,33,701 रुपये नीचे आ चुकी है। यह साफ तौर पर मुनाफावसूली और बाजार में रिस्क-ऑफ माहौल का संकेत देता है।
कैरेट के हिसाब से देखें तो
- 22 कैरेट सोना 3310 रुपये गिरकर 1,40,159 रुपये (GST सहित 1,44,363)
- 18 कैरेट सोना 2710 रुपये टूटकर 1,14,759 रुपये (GST सहित 1,18,201)
- 14 कैरेट सोना 2114 रुपये गिरकर 89,512 रुपये (GST सहित 92,197) पर आ गया।
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी सोने-चांदी में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। हालांकि लॉन्ग टर्म निवेशकों के लिए यह गिरावट चरणबद्ध खरीद का मौका हो सकती है।
pragatisharma3959