किराये के कमरे में फंदे से लटकी मिली बीए की छात्रा, 15 दिन पहले ही आई थी पढ़ाई करने

जमुई के शांति नगर में KKM कॉलेज की बीए प्रथम वर्ष की छात्रा रुबी कुमारी (18) का शव किराये के कमरे में फंदे से लटका मिला। 15 दिन पहले पढ़ाई के लिए शहर आई थी छात्रा। पढ़ें पूरी खबर।

किराये के कमरे में फंदे से लटकी मिली बीए की छात्रा, 15 दिन पहले ही आई थी पढ़ाई करने
छात्रा ने छत की कड़ी से लगाया फंदा
Image Slider
Image Slider
Image Slider

बिहार के जमुई शहर स्थित शांति नगर मोहल्ले में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां किराये के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही 18 वर्षीया बीए प्रथम वर्ष की छात्रा का शव कमरे में फंदे से लटका मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान खैरा थाना क्षेत्र के हरपेटी गांव निवासी उमेश तांती की पुत्री रुबी कुमारी (18 वर्ष) के रूप में हुई है।

रुबी जमुई के प्रतिष्ठित केकेएम कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। वह उच्च शिक्षा हासिल करने के उद्देश्य से करीब 15 दिन पहले ही अपनी सहेली नंदनी के साथ जमुई शहर में किराये का कमरा लेकर रहने आई थी। घटना के संबंध में मृतका की सहेली नंदनी कुमारी ने बताया कि मंगलवार रात दोनों छत पर टहल रही थीं। कुछ देर बाद रुबी नीचे अपने कमरे में चली गई।

जब नंदनी भी नीचे लौटी, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो अनहोनी की आशंका हुई। नंदनी ने तुरंत मकान मालिकन और आसपास के लोगों को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने जब खिड़की की जाली काटकर अंदर देखा, तो रुबी दुपट्टे के सहारे छत की कड़ी से लटकी हुई थी। लोगों की मदद से उसे तुरंत नीचे उतारा गया और इलाज के लिए बोधवन तालाब स्थित एक निजी क्लीनिक ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और बुधवार सुबह शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। शुरुआती जांच में खुदकुशी के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मृतका के परिजनों और सहेली से पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा।