नया बिजली कनेक्शन देने के नाम पर 4000 रुपये रिश्वत लेते JE और तकनीशियन गिरफ्तार
भागलपुर में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई! नया बिजली कनेक्शन देने के बदले 4 हजार रुपये रिश्वत लेते JE अमित कुमार और तकनीशियन सौरभ कुमार रंगे हाथ गिरफ्तार। पढ़ें पूरी खबर।
भागलपुर: बिहार के भागलपुर में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बार फिर सख्त कदम उठाया है। विजिलेंस की टीम ने कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता अमित कुमार और तकनीशियन सौरभ कुमार को 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ धर दबोचा। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित ने नए बिजली कनेक्शन को चालू कराने के लिए आवेदन दिया था।
आरोप है कि जेई अमित कुमार और तकनीशियन सौरभ कुमार कनेक्शन चालू करने के एवज में 4,000 रुपये की अवैध राशि की मांग कर रहे थे। परेशान होकर पीड़ित ने इसकी शिकायत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से की। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस की टीम ने गुप्त रूप से मामले का सत्यापन कराया। आरोप सही पाए जाने पर निगरानी विभाग ने जाल बिछाया।
जैसे ही तिलकामांझी स्थित कचहरी बिजली उपकेंद्र में पीड़ित ने आरोपियों को रिश्वत के 4 हजार रुपये दिए, विजिलेंस की टीम ने दोनों को मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के डीएसपी मिथिलेश कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों के पास से रिश्वत के 4,000 रुपये भी बरामद कर लिए गए हैं।
गिरफ्तार कनिष्ठ अभियंता अमित कुमार और तकनीशियन सौरभ कुमार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उन्हें विजिलेंस कोर्ट में पेश किया जाएगा।विजिलेंस की इस कार्रवाई से भागलपुर के सरकारी महकमों, विशेषकर बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है।