पासपोर्ट सेवा केंद्र और डाकघर को उड़ाने की धमकी, गया में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर !

गया के जीबी रोड स्थित प्रधान डाकघर और पासपोर्ट सेवा केंद्र को ईमेल से मिली बम की धमकी। पुलिस, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते ने चलाया सघन सर्च ऑपरेशन।

पासपोर्ट सेवा केंद्र और डाकघर को उड़ाने की धमकी, गया में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर !
पासपोर्ट सेवा केंद्र और डाकघर को उड़ाने की धमकी के बाद सर्च ऑपरेशन
Image Slider
Image Slider
Image Slider

गया। बिहार के गया शहर स्थित जीबी रोड पर सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब प्रधान डाकघर और पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। इस खौफनाक खबर के सामने आते ही डाकघर परिसर और पासपोर्ट केंद्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया।अधिकारियों ने बिना समय गंवाए तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को दी।

डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते ने संभाला मोर्चा

घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी शमीम अहमद पुलिस बल, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते के साथ मौके पर पहुंचे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने सबसे पहले पूरे डाकघर परिसर और पासपोर्ट केंद्र को पूरी तरह से खाली कराया। इसके बाद मेटल डिटेक्टर और खोजी कुत्तों की मदद से पार्सल सेक्शन, काउंटर एरिया, पासपोर्ट सेवा केंद्र के कमरों और संदिग्ध सामानों की घंटों गहन तलाशी ली गई।

'किसी भी वक्त हो सकता है विस्फोट' - ईमेल में लिखा संदेश

वरीय डाकपाल प्रणव कुमार झा ने बताया कि अज्ञात ईमेल आईडी से भेजे गए संदेश में दावा किया गया था कि डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय परिसर में बम लगाए गए हैं और किसी भी समय विस्फोट किया जा सकता है। ईमेल पढ़ते ही तुरंत पुलिस को अलर्ट किया गया और सभी कर्मचारियों व अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

पुलिस और साइबर सेल की कार्रवाई:

फिलहाल पुलिस और साइबर सेल की टीम संयुक्त रूप से मामले की जांच में जुटी हुई है। जिस ईमेल आईडी से यह धमकी भेजी गई है, उसकी तकनीकी जांच (IP Tracking) की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से हर एक पहलू पर बारीकी से जांच जारी है और अफवाहत फैलाने या साजिश रचने वाले का जल्द पता लगा लिया जाएगा।