छठ महापर्व को लेकर पटना में ट्रैफिक प्लान जारी, 15 और 16 नवंबर को कई सड़कों पर वाहनों की नो एंट्री

लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर राजधानी पटना में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात प्लान जारी किया है।

छठ महापर्व को लेकर पटना में ट्रैफिक प्लान जारी, 15 और 16 नवंबर को कई सड़कों पर वाहनों की नो एंट्री
Image Slider
Image Slider
Image Slider

PATNA: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर राजधानी पटना में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात प्लान जारी किया है। इस दौरान छठ घाटों पर जाने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए शहर की कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, इमरजेंसी वाहनों को प्रतिबंध से छूट दी गई है।

जारी ट्रैफिक प्लान के अनुसार, 15 नवंबर को दोपहर 12 बजे से यातायात सामान्य होने तक और 16 नवंबर को सुबह 2 बजे से यातायात सामान्य होने तक विशेष व्यवस्था लागू रहेगी।

सबसे बड़ा प्रतिबंध अशोक राजपथ पर रहेगा। कारगिल चौक से दीदारगंज तक किसी भी प्रकार के सामान्य वाहनों का परिचालन नहीं होगा। अशोक राजपथ के सभी प्रवेश मार्ग बंद रहेंगे। हालांकि, पटना कॉलेज और पटना साइंस कॉलेज परिसर में पार्किंग के लिए जाने वाले छठव्रतियों के वाहनों को निर्धारित व्यवस्था के तहत अनुमति दी जाएगी।

दीघा मोड़ से आशियाना मोड़ की तरफ उत्तर से दक्षिण दिशा में वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान वाहनों को रामजीचक मोड़ होते हुए वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा।

कंगन घाट और चौक थाना मोड़ घाट जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए सिटी स्कूल के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं, श्रद्धालु मंगल तालाब, पुरानी बाईपास और न्यू बाईपास होते हुए गायघाट की ओर जा सकेंगे। हथिया बागान, लोहा गोदाम और मृदुला हॉस्पिटल के सामने भी पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।

चौक शिकारपुर आरओबी से आगे जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को गुरु गोविंद सिंह आरओबी के नीचे और पटना साहिब स्टेशन के पास पार्क कराया जाएगा। इन वाहनों को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। वहीं, अन्य श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए कटरा बाजार समिति परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

पानी टंकी घाट और नया टोला घाट जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग मालसलामी पॉप साहब के पास गंगा पथ पर कराई जाएगी।

गायघाट पुल के नीचे से व्यावसायिक वाहनों और ऑटो के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा। ये वाहन आगमकुआं आरओबी से मच्छरहट्टा तक जा सकेंगे। धनुकी मोड़ से गायघाट आने वाले ऑटो और व्यावसायिक वाहनों को डंका इमली तक ही आने की अनुमति होगी।

इसके अलावा गांधी मैदान से अशोक राजपथ की ओर वाहनों के जाने पर रोक रहेगी। ऐसे वाहन पुरानी बाईपास और न्यू बाईपास का इस्तेमाल कर सकेंगे। पुलिस ने लोगों से महात्मा गांधी सेतु और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है।

दीघा-रामजीचक से दीघा गोलंबर की ओर आने वाले वाहनों के लिए भी विशेष व्यवस्था रहेगी। इस मार्ग पर सामान्य वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहने की स्थिति में बेली रोड और रूपसपुर नहर होते हुए रामजीचक की ओर जाने का विकल्प दिया गया है।

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर में विभिन्न स्थानों पर पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए हैं। इसकी जानकारी समाचार पत्रों और सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से भी उपलब्ध कराई जा रही है। छठ महापर्व के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि छठ घाटों पर जाने से पहले जारी यातायात प्लान और पार्किंग व्यवस्था की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

पटना से अजय शर्मा की रिपोर्ट