आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका, DM जी कृष्णैया हत्याकांड में रिहाई रद्द; एक महीने में करना होगा सरेंडर
पूर्व सांसद आनंद मोहन को जी. कृष्णैया हत्याकांड मामले में सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। शीर्ष अदालत ने बिहार सरकार की ओर से दी गई उनकी समयपूर्व रिहाई को रद्द कर दिया है।
DELHI/PATNA: पूर्व सांसद आनंद मोहन को जी. कृष्णैया हत्याकांड मामले में सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। शीर्ष अदालत ने बिहार सरकार की ओर से दी गई उनकी समयपूर्व रिहाई को रद्द कर दिया है। साथ ही, अदालत ने आनंद मोहन को एक महीने के भीतर सरेंडर करने का निर्देश दिया है। इस फैसले के बाद उनकी दोबारा जेल वापसी का रास्ता साफ हो गया है।
बिहार सरकार के जेल नियमों में संशोधन को सुप्रीम कोर्ट ने किया रद्द
सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने बिहार सरकार के उस फैसले को असंवैधानिक करार दिया, जिसके तहत वर्ष 2023 में जेल मैनुअल के नियमों में संशोधन कर आनंद मोहन की रिहाई का रास्ता साफ किया गया था।
दरअसल, अप्रैल 2023 में बिहार सरकार ने बिहार जेल मैनुअल, 2012 के नियम 481(1)(a) में बदलाव किया था। इस संशोधन के तहत ड्यूटी पर तैनात सरकारी सेवक की हत्या से जुड़े अपराध को सजा माफी की अपवाद सूची से हटा दिया गया था। इसके बाद आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई संभव हो सकी थी।
जी. कृष्णैया की पत्नी ने दी थी चुनौती
आनंद मोहन की रिहाई को लेकर दिवंगत आईएएस अधिकारी जी. कृष्णैया की पत्नी उमा देवी कृष्णैया ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। उन्होंने बिहार सरकार के फैसले को चुनौती देते हुए रिहाई रद्द करने की मांग की थी। इसी याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार के संशोधन को निरस्त कर दिया।
फैसले में रूजवेल्ट के बयान का भी जिक्र
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति थियोडोर रूजवेल्ट के एक कथन का हवाला दिया। अदालत ने कहा कि न्याय का अर्थ सही और गलत के बीच मूकदर्शक बने रहना नहीं, बल्कि सच्चाई का पता लगाकर कानून और न्याय के पक्ष में खड़ा होना है।
पीठ ने टिप्पणी की कि यदि सरकार का कोई कदम कानून के विपरीत है, तो उसे सुधारना अदालत का दायित्व है। कानून का शासन बनाए रखना जरूरी है।
1994 में हुई थी आईएएस जी. कृष्णैया की हत्या
गौरतलब है कि 5 दिसंबर 1994 को तत्कालीन गोपालगंज जिलाधिकारी आईएएस जी. कृष्णैया की मुजफ्फरपुर में भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। उस समय गैंगस्टर छोटन शुक्ला की शवयात्रा निकाली जा रही थी। इसी दौरान सरकारी वाहन से गुजर रहे जी. कृष्णैया को भीड़ ने घेर लिया और उन पर हमला कर दिया था।
इस मामले में आनंद मोहन को दोषी ठहराया गया था। अब सुप्रीम कोर्ट के ताजा फैसले के बाद उन्हें एक महीने के भीतर सरेंडर करना होगा। इस फैसले से बिहार की राजनीति और कानूनी गलियारों में एक बार फिर यह मामला चर्चा में आ गया है।
pranavpr