बिहार में बनेगी आर्थिक सलाहकार परिषद, मुख्यमंत्री को सीधे सलाह देंगे देश-विदेश के विशेषज्ञ अर्थशास्त्री

बिहार में आर्थिक सुधारों और राजस्व वृद्धि को गति देने के लिए राज्य सरकार ने आर्थिक सलाहकार परिषद के गठन को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई पहली ई-कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई।

बिहार में बनेगी आर्थिक सलाहकार परिषद, मुख्यमंत्री को सीधे सलाह देंगे देश-विदेश के विशेषज्ञ अर्थशास्त्री
Image Slider
Image Slider
Image Slider

PATNA: बिहार में आर्थिक सुधारों और राजस्व वृद्धि को गति देने के लिए राज्य सरकार ने आर्थिक सलाहकार परिषद के गठन को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई पहली ई-कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई। प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद की तर्ज पर गठित होने वाली यह परिषद मुख्यमंत्री को राज्य की अर्थव्यवस्था और नीतिगत मामलों में सुझाव देगी।

कैबिनेट विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद चौधरी के अनुसार, परिषद का मुख्य उद्देश्य राज्य की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना और लोक वित्त में सुधार लाना है। इसके तहत राजस्व के नए स्रोत तलाशने, अर्थव्यवस्था में संरचनात्मक सुधार करने, लोक-निजी भागीदारी (PPP) को बढ़ावा देने और मानव पूंजी के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

पांच सदस्यीय होगी आर्थिक सलाहकार परिषद

प्रस्तावित परिषद में अध्यक्ष समेत कुल पांच सदस्य होंगे। अध्यक्ष के रूप में राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान रखने वाले प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री को मनोनीत किया जाएगा। उन्हें अर्थशास्त्र और लोक नीति के क्षेत्र में विशेष अनुभव और व्यावहारिक जानकारी होनी चाहिए। अध्यक्ष की अनुशंसा पर राज्य सरकार अन्य चार सदस्यों का चयन करेगी। इन सदस्यों को अर्थशास्त्र, प्रशासन, लोक नीति और निजी क्षेत्र का विशेषज्ञ होना जरूरी होगा।

वित्त विभाग के व्यय सचिव परिषद के पदेन सदस्य होंगे। वहीं, सदस्यों के मानदेय और भत्तों को लेकर वित्त विभाग अलग से अधिसूचना जारी करेगा।

ADRI से अलग बनेगी नई व्यवस्था

अब तक बिहार में आर्थिक और नीतिगत सलाह के क्षेत्र में एशियन डेवलपमेंट रिसर्च इंस्टीट्यूट (ADRI) की भूमिका रही है। हालांकि, नई व्यवस्था के तहत सरकार एक औपचारिक आर्थिक सलाहकार परिषद गठित करने जा रही है, जो सीधे मुख्यमंत्री को सुझाव देगी।

बिहार बिजनेस कनेक्ट 2027 के प्रचार को भी मंजूरी

ई-कैबिनेट बैठक में उद्योग विभाग से जुड़े प्रस्तावों को भी स्वीकृति मिली। बिहार फाउंडेशन के माध्यम से 'बिहार है तैयार' अभियान शुरू किया जाएगा। इसके अलावा फरवरी 2027 में प्रस्तावित बिहार बिजनेस कनेक्ट 2027 के प्रचार-प्रसार और मीडिया प्रबंधन के लिए तीन महीने की अवधि हेतु एक एजेंसी नियुक्त करने को भी मंजूरी दी गई है।

सरकार को उम्मीद है कि विशेषज्ञों की सलाह से राज्य में निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा, राजस्व संग्रह बढ़ेगा और आर्थिक विकास की योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू करने में मदद मिलेगी।