राजगीर के जू सफारी और नेचर सफारी के समय में हुआ बदलाव, अब सुबह 6 बजे से ही खुलेंगी

बढ़ती गर्मी और लू की चेतावनी को देखते हुए राजगीर के जू सफारी और नेचर सफारी के समय में बदलाव किया गया है। यह नियम गुरुवार से लागू हो गया है। ये दोनों पर्यटक स्थल अब सुबह छह बजे से दोपहर 2 बजे तक ही खुले रहेंगे।

राजगीर के जू सफारी और नेचर सफारी के समय में हुआ बदलाव, अब सुबह 6 बजे से ही खुलेंगी
Image Slider
Image Slider
Image Slider

PATNA : बढ़ती गर्मी और लू की चेतावनी को देखते हुए राजगीर के जू सफारी और नेचर सफारी के समय में बदलाव किया गया है। यह नियम गुरुवार से लागू हो गया है। ये दोनों पर्यटक स्थल अब सुबह छह बजे से दोपहर 2 बजे तक ही खुले रहेंगे। इस संबंध में डीएफओ राजकुमार एम और जू सफारी निदेशक राम सुंदर एम ने संयुक्त रूप से आदेश जारी कर जानकारी दी है। 

बिहार मौसम सेवा केंद्र की ओर से जारी मौसम बुलेटिन में राजगीर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया है। साथ ही, अगले कुछ दिनों तक तापमान सामान्य से अधिक रहने और दोपहर में लू चलने की संभावना जताई जा रही है। इस स्थिति को देखते हुए पर्यटकों और वन्यजीवों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव की आशंका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। पिछले कुछ वर्षों की तरह इस बार भी समय में बदलाव कर गुरुवार से अगले आदेश तक पर्यटकों के लिए सुबह जल्दी भ्रमण की सुविधा दी जा रही है। 

पर्यटकों को जू सफारी और नेचर सफारी में प्रवेश की अंतिम समय सीमा दोपहर 12 बजे तक निर्धारित की गई है। साथ ही भ्रमण के दौरान पर्यटकों को गर्मी और लू से बचने के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। राजगीर का जू सफारी देश के कुछ मॉर्डन सफारी स्थलों में से एक है और गर्मियों में यहां देश विदेश से सैकड़ों पर्यटक पहुंचते हैं। समय में बदलाव का यह निर्णय पर्यटकों की सुरक्षा और वन्यजीवों के संरक्षण के उद्देश्य से लिया गया है।