असम में बड़ा रेल हादसा: कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के 6 डिब्बे पटरी से उतरे, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

असम में बुधवार की सुबह एक बड़ा रेल हादसा सामने आया। डिगारू रेलवे स्टेशन के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के कई डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। इस घटना के बाद ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों के बीच दहशत फैल गई।

असम में बड़ा रेल हादसा: कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के 6 डिब्बे पटरी से उतरे, यात्रियों में मची अफरा-तफरी
Image Slider
Image Slider
Image Slider

GUWAHATI/ASSAM: असम में बुधवार की सुबह एक बड़ा रेल हादसा सामने आया। डिगारू रेलवे स्टेशन के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के कई डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। इस घटना के बाद ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों के बीच दहशत फैल गई। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और राहत-बचाव दल सक्रिय हो गए। घटनास्थल पर बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।

रेलवे से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 6 बजकर 54 मिनट पर हुआ। इस दौरान ट्रेन के इंजन समेत कुल छह डिब्बे पटरी से उतर गए। अचानक हुए इस हादसे से यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। ट्रेन के भीतर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई यात्री घबराकर डिब्बों से बाहर निकलने की कोशिश करते नजर आए।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर हादसे से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं। इनमें दुर्घटनाग्रस्त ट्रेन के डिब्बे और यात्रियों के बीच फैली घबराहट देखी जा सकती है। हालांकि, हादसे में कितने लोग घायल हुए हैं, इसकी आधिकारिक संख्या अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।

नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। उन्होंने शुरुआती बयान में कहा कि फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। रेलवे की टीमें मौके पर स्थिति का जायजा ले रही हैं और यात्रियों को सुरक्षित निकालने की प्रक्रिया जारी है।

फिलहाल हादसे की असली वजह सामने नहीं आई है। रेलवे प्रशासन दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटा है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि ट्रेन के डिब्बे पटरी से कैसे उतरे। वहीं, यात्रियों की सुरक्षा और उन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रेलवे की ओर से आगे की व्यवस्था की जा रही है।