बिहार को आज मिलेगी 34 हजार करोड़ की सौगात, नीतीश सेतु का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी; एयरपोर्ट पर नीतीश कुमार करेंगे स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वह राज्य को 34 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। प्रधानमंत्री का मुख्य कार्यक्रम वैशाली जिले के राजापाकर स्थित जाफरपट्टी इंडस्ट्रियल एरिया में आयोजित किया गया है।

बिहार को आज मिलेगी 34 हजार करोड़ की सौगात, नीतीश सेतु का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी; एयरपोर्ट पर नीतीश कुमार करेंगे स्वागत
Image Slider
Image Slider
Image Slider

PATNA: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वह राज्य को 34 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। प्रधानमंत्री का मुख्य कार्यक्रम वैशाली जिले के राजापाकर स्थित जाफरपट्टी इंडस्ट्रियल एरिया में आयोजित किया गया है। यहां पीएम एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रशासन और एनडीए के नेताओं ने व्यापक तैयारियां की हैं।

प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर नीतीश सेतु को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह पुल बिहार के सड़क संपर्क और विकास के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पीएम मोदी ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर नीतीश सेतु को बिहार के लिए बड़ी संपत्ति बताया है।

एयरपोर्ट पर नीतीश कुमार करेंगे पीएम मोदी का स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पटना पहुंचने पर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उनका स्वागत करेंगे। जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश कुमार एक-दूसरे का काफी सम्मान करते हैं। नीतीश कुमार के नाम पर पुल का नामकरण होना बिहार के लिए गौरव की बात है।

20 लाख वर्गफीट में तैयार किया गया सभा स्थल

पीएम मोदी की जनसभा के लिए राजापाकर के जाफरपट्टी में बड़े स्तर पर इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल पर करीब 20 लाख वर्गफीट में पंडाल, मंच और विशेष क्षेत्र तैयार किया गया है। यहां पांच बड़े पंडाल बनाए गए हैं। इनमें महिलाओं के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अलग-अलग जिलों से लोगों का पहुंचना शुरू हो गया है। बसों के जरिए बड़ी संख्या में लोग वैशाली पहुंच रहे हैं।

सुरक्षा के लिए 6500 जवान तैनात

प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। करीब 70 कंपनियों के 6500 जवानों को सुरक्षा में लगाया गया है। पटना एयरपोर्ट से लेकर रेलवे स्टेशन और गंगा नदी तक सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। राज्य के मुख्य सचिव और डीजीपी भी वैशाली में कैंप कर रहे हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10:45 बजे से होगी, जबकि प्रधानमंत्री के दोपहर एक बजे के बाद पहुंचने की संभावना है। पटना समेत कई जिलों में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। सभा स्थल तक पहुंचने के लिए अलग-अलग रूट और पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पार्किंग स्थलों पर पेयजल, भोजन, शौचालय और अन्य जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को भी आमंत्रित किया गया है। प्रशासन को जनसभा में लाखों लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।