नालंदा जिला के हिलसा, इस्लामपुर एवं सिलाव में कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में कुछ नये निर्णय लिये गये हैं। सभी पंचायतों में विवाह भवन का निर्माण कराने की स्वीकृति दी गयी है। इस पर 4 हजार 26 करोड रुपये की राशि खर्च की जायेगी। जीविका दीदियों को बैंकों से ऋण के ब्याज को 10 से घटाकर 7 प्रतिशत कर दिया गया है। जीविका के सभी कर्मियों को मिलने वाली राशि को बढ़ाकर दोगुना कर दिया गया है। दीदी की रसोई में खाने की कीमत को 40 रुपये से घटाकर 20 रुपये कर दिया गया है। पंचायत के सभी प्रतिनिधियों, आशा कर्मी, रसोईया, आँगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका, कृषि सलाहकार के मानदेय में बढ़ोत्तरी की गयी है। सभी वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को मिलने वाली पेंशन राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रूपये कर दिया गया है। इससे बड़ी सख्या में लोगों को फायदा होगा। वर्ष 2018 में हर घर बिजली पहुंचा दी गयी।

PATNA : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार को नालंदा जिला के राम बाबू हाई स्कूल, हिलसा, पशु हाट, इस्लामपुर और नालंदा +2 उच्च विद्यालय, नीरपुर, सिलाव में आयोजित कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज मुझे प्रगति यात्रा के दौरान घोषित योजनाओं के स्थल भ्रमण एवं शिलान्यास के लिए नालंदा आने तथा आपसे बातचीत करने का मौका मिला है। बहुत खुशी की बात है कि इस कार्यकर्ता संवाद में आप सब लोग उपस्थित हैं। मैं आपका अभिनंदन करता हूं। आप सब जानते हैं कि पहले की सरकार ने कोई काम नहीं किया। पहले बिहार का बहुत बुरा हाल था।
जब 24 नवंबर, 2005 को एनडीए की सरकार बनी थी, तब से हमलोग बिहार के विकास में लगे हुये हैं। राज्य में कानून का राज है, सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास हो रहा है। शुरू से ही शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में विशेष ध्यान दिया गया है। राज्य में बड़े पैमाने पर सड़कों, पुल-पुलियों का निर्माण कराया गया है। सात निश्चय के तहत हर घर तक बिजली, हर घर नल का जल, हर घर शौचालय तथा टोलों को पक्की सड़कों से जोड़ने का काम पूरा हो गया है। वर्ष 2020 में सात निश्चय 2 के तहत 10 लाख नौकरी एवं 10 लाख रोजगार देना तय किया गया।
सरकार इस पर लगातार काम कर रही है और अभी तक लगभग 10 लाख युवाओं की सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। जहां तक रोजगार की बात है 40 लाख लोगों को रोजगार दिया जा चुका है। दोनों को मिलाकर 50 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी एवं रोजगार दिया गया है। अब हमलोगों ने तय किया है कि अगले 5 वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी एवं रोजगार दिया जायेगा। बिहार का बजट लगातार बढ़ रहा है। वर्ष 2005-06 में नयी सरकार बनने के समय राज्य का बजट मात्र 28 हजार करोड़ रुपये था, जिसे वर्ष 2006-07 में बढ़ाकर 34 हजार करोड़ रुपये किया गया और यह लगातार बढ़ते-बढ़ते अब 3 लाख 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में कुछ नये निर्णय लिये गये हैं। सभी पंचायतों में विवाह भवन का निर्माण कराने की स्वीकृति दी गयी है। इस पर 4 हजार 26 करोड रुपये की राशि खर्च की जायेगी। जीविका दीदियों को बैंकों से ऋण के ब्याज को 10 से घटाकर 7 प्रतिशत कर दिया गया है। जीविका के सभी कर्मियों को मिलने वाली राशि को बढ़ाकर दोगुना कर दिया गया है। दीदी की रसोई में खाने की कीमत को 40 रुपये से घटाकर 20 रुपये कर दिया गया है। पंचायत के सभी प्रतिनिधियों, आशा कर्मी, रसोईया, आँगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका, कृषि सलाहकार के मानदेय में बढ़ोत्तरी की गयी है। सभी वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को मिलने वाली पेंशन राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रूपये कर दिया गया है। इससे बड़ी सख्या में लोगों को फायदा होगा। वर्ष 2018 में हर घर बिजली पहुंचा दी गयी।
सरकार द्वारा शुरू से ही बहुत सस्ती दर पर बिजली दी गयी। अब लगभग सभी घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली मुफ्त दी जा रही है। सरकार की तरफ से सभी इच्छुक लोगों के घरों पर सोलर पैनल लगाये जायेंगे। हाल ही में महिलाओं के रोजगार के लिए एक नयी योजना 'मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना' शुरू की गयी है जिसमें हर घर की एक महिला को रोजगार शुरू करने के लिए 10 हजार रुपये की राशि दी जा रही है। अब तक 1 करोड़ महिलाओं को यह राशि दी जा चुकी है और शेष महिलाओं को राशि देने हेतु तिथि निर्धारित कर दी गयी है। इसके अन्तर्गत जिन महिलाओं का रोजगार अच्छा चलेगा उन्हें 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता भी दी जायेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के विकास में केन्द्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है। 2024 के केन्द्रीय बजट में बिहार को विशेष आर्थिक सहायता के रूप में सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य, पर्यटन, बाढ़ नियंत्रण के लिए बड़ी राशि देने की घोषणा की गयी। 2025 के केन्द्रीय बजट में भी बिहार में मखाना बोर्ड, एयरपोर्ट की स्थापना, पश्चिमी कोसी नहर के लिए वित्तीय सहायता आदि की घोषणा की गयी है। केन्द्र सरकार द्वारा वर्ष 2018 से देश के कुछ राज्यों में खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन बिहार में हुआ, यह गौरव की बात है। इन सब कामों के लिए हम आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का आभार प्रकट करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नालंदा जिला में काफी काम कराया गया है। नालंदा का पहले क्या हाल था। वर्ष 2005 से पूर्व बड़े पैमाने पर अपराध होते थे और झगड़ा झंझट होता था। पहले की सरकार ने कुछ नहीं किया। अब कानून का राज है और हमलोगों ने यहाँ सभी विकास के काम करा दिए हैं। यहां इंजीनियरिंग कॉलेज एवं पॉलिटेक्निक संस्थान की स्थापना की गयी है। महिला आईटीआई एवं सभी अनुमंडलों में आईटीआई की स्थापना की गयी है। पावापुरी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की स्थापना भी की गयी है।
जीएनएम संस्थान, नर्सिंग कॉलेज तथा फार्मेसी कॉलेज का निर्माण कराया गया है। रहुई के पैठना में दन्त चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल का निर्माण कराया गया है। सभी अनुमंडलों में एएनएम प्रशिक्षण संस्थान-सह-छात्रावास का निर्माण कराया गया है। नालन्दा जिले में कर्पूरी ठाकुर कल्याण छात्रावास, 2 अनुसूचित जाति आवासीय उच्च विद्यालय तथा अन्य पिछडा वर्ग कन्या आवासीय उच्च विद्यालय का निर्माण कराया गया है। नालन्दा जिले में कई पथों एवं पुलों का निर्माण कराया गया है। बिहटा सरमेरा स्टेट हाईवे का निर्माण कराया गया है।
नालन्दा-वेन-इस्लामपुर पथ का निर्माण कराया गया है। दनियावां एकंगरसराय-इस्लामपुर पथ का निर्माण कराया गया है। जहानाबाद-घोसी-इस्लामपुर-राजगीर-गिरियक-पार्वतीपुर पथ का निर्माण कराया गया है। तेलमर से नरसंडा, सिलाव होते हुए राजगीर के लिए नये पथ का निर्माण कराया जा रहा है। इसके साथ ही बिहारशरीफ, एकंगरसराय, हिलसा, इस्लामपुर एवं राजगीर बाईपास रोड का निर्माण कराया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नालंदा में तटबंध निर्माण एवं सिंचाई सुविधाओं का विकास कराया गया है। जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत नालंदा जिले में आहर, पईन, वीयर एवं चेकडैम की कुल 268 योजनाओं का कार्य कराया गया है। सरमेरा टाल क्षेत्र के दक्षिणी तटबंध का निर्माण तथा इसके ऊपरी सतह का कालीकरण कराया जा रहा है। राजगीर ऐतिहासिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है और 5 धर्मों (हिन्दू, मुस्लिम, बौद्ध, जैन, सिख) से जुड़े स्थलों का विकास, पुलिस अकादमी, खेल अकादमी, नेचर सफारी, जू-सफारी का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि 20 फरवरी, 2025 को प्रगति यात्रा के दौरान हम नालन्दा जिला आये थे, यहां जो भी कमी रह गयी थी, उसका आकलन कर 17 योजनाओं की स्वीकृ ति दी गयी है।
सभी योजनाओं पर काम चल रहा है, जिसमें 4 सिंचाई योजना-पंचाने सिंचाई योजना, बरगइनिया पईन, धनावाडीह एवं गोपालबाद में जमींदारी बांध का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। 4 कटाव निरोधी कार्य किये जा रहे हैं, लोकाईन नदी के तटबंध पर कटाव निरोधी, अधियारा नदी की गाद, नूरसराय संगत के पास जलनिकासी तथा पंचाने नदी में रिवर फ्रंट का काम किया जा रहा है। 4 पथों एतबारी बाजार से उपरौरा मोड़, बिहारशरीफ में पुराने राँची रोड एवं बेनार सकसोहरा पथ का चौड़ीकरण तथा सोहसराय हॉल्ट के पास रोटरी का निर्माण शुरू किया जा रहा है।
2 बाईपास हिलप हिलसा पूर्वी बाईपास, अलीनगर से बिहारशरीफ पूर्वी बाईपास तक तथा हसनपुर से राजगीर खेल अकादमी मोड़ तक पथ का चौड़ीकरण किया जा रहा है। सरमेरा में समेकित कृषि प्रणाली हेतु कृषि अनुसंधान केन्द्र की स्थापना की जा रही है। राजगीर के गर्म कुण्ड (ब्रह्मकुण्ड) परिसर का समग्र विकास किया जा रहा है। नालन्दा के 6 प्रखंडों में नये प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन का निर्माण कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नालंदा विधानसभा क्षेत्र में अनेक काम कराये गये हैं जिनमें नूरसराय में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा बेन एवं नूरसराय प्रखंड में हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर का निर्माण कराया गया है। सिलाव प्रखंड में आई०टी०आई की स्थापना की गयी है। राजगीर में अनुसूचित जाति आवासीय बालिका उच्च विद्यालय का पुनर्निर्माण कराया गया है। सिलाव प्रखंड में अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय विद्यालय का निर्माण कराया गया है। अनेक पथों एवं पुलों का निर्माण कराया गया। नूरसराय से सिलाव एवं सिलाव से देवरिया पथ का चौड़ीकरण कराया जा रहा है। सोएबा-माफी-परोहा कतरीसराय पथ का निर्माण कराया गया है। नीरपुर गाँव के पास पैमार नदी पर उच्चस्तरीय पुल का निर्माण कराया गया है। इस विधानसभा क्षेत्र में 342 ग्रामीण सड़कों और 9 पुलों का निर्माण कराया गया है। इस विधानसभा में 3 विद्युत उपकेन्द्र तथा 4 कृषि फीडर का निर्माण कराया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिलसा विधानसभा क्षेत्र में अनेक काम कराये गये हैं जिनमें हिलसा प्रखंड में आई०टी०आई० की स्थापना की गयी है। परवलपुर में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निर्माण कराया गया है। कई पथों एवं पुलों का निर्माण कराया गया है। हिलसा बाईपास का निर्माण कराया गया है। हिलसा-नूरसराय एवं चंडी-छबिलापुर पथ में उच्चस्तरीय पुल का निर्माण कराया गया है। राजगीर बाईपास का चौडीकरण कराया जा रहा है। इस विधानसभा क्षेत्र में 343 ग्रामीण सड़कों और 20 पुलों का निर्माण कराया गया है। इस विधानसभा में 2 विद्युत उपकेन्द्र तथा 4 कृषि फीडर का निर्माण कराया गया है। सिंचाई सुविधाओं का विकास कराया गया है। उदेरास्थान बराज के अंतर्गत नहरों का जीर्णोद्धार कराया गया है तथा लोकाईन नदी के दायें एवं बायें तटबंध पर कटाव निरोधी कार्य कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस्लामपुर विधानसभा क्षेत्र में अनेक काम कराये गये हैं जिनमें इस्लामपुर में ए०एन०एम० स्कूल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निर्माण कराया गया है। इस्लामपुर में वक्फ विकास योजना के तहत विवाह भवन, मुसाफिर खाना, दुकान एवं पुस्तकालय आदि का विकास किया जा रहा है। तेल्हाड़ा में साईट म्यूजियम का निर्माण कराया गया है। कई पथों एवं पुलों का निर्माण कराया गया जिसमें इस्लामपुर में बाईपास का निर्माण तथा इसमें 3 उच्चस्तरीय पुल का भी निर्माण कराया जा रहा है।
एकंगरसराय बाईपास का निर्माण कराया गया है। इस विधानसभा क्षेत्र में 313 ग्रामीण सड़कों और 7 पुलों का निर्माण कराया गया है। इस विधानसभा में 6 विद्युत उपकेन्द्र तथा 3 कृषि फीडर का निर्माण कराया गया है। सिंचाई सुविधाओं का विकास कराया गया जिसमें उदेरास्थान बराज के अंतर्गत नहरों का जीर्णोद्धार कराया गया है तथा लोकाईन सिंचाई योजना के दायें एवं बायें तटबंध का कार्य कराया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 से पूर्व बिहार ऐसी हालत में था कि लोग परेशान थे और पूरे राज्य में डर एवं भय का माहौल था। समाज में विवाद होता था, न सही ढंग से पढ़ाई की व्यवस्था थी, न इलाज की, न बिजली की, न सड़क की। पहले वाली सरकार ने
कुछ काम नहीं किया। जब से हमारी सरकार बनी है, तब से कानून का राज है, कोई झगड़ा झंझट नहीं होता है। हमलोगों ने सभी के लिए काम किया है, चाहे हिन्दू हो, मुस्लिम हो, अपर कास्ट हो, पिछड़ा हो, अति पिछड़ा हो, दलित हो, महादलित हो। इन दिनों काम को और आगे बढ़ाया गया है। आगे बिहार में और ज्यादा काम होगा तथा जहां जो भी कमी रहेगी उसे पूरा किया जायेगा। देश की प्रगति में बिहार महत्वपूर्ण योगदान देगा।
इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने नालंदा जिला के एकंगरसराय बाजार में रोड शो किया। वहां उपस्थित जनसमूह ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया और श्री नीतीश कुमार जिंदाबाद के नारे लगाए। मुख्यमंत्री ने वहां उपस्थित जनसमूह का अभिवादन हाथ हिलाकर स्वीकार किया। कार्यकर्ता संवाद कार्यकम में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, सांसद कौशलेंद्र कुमार, विधायक कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया, विधायक डॉ. जितेंद्र कुमार, विधान पार्षद रीना यादव, पूर्व विधायक ई. सुनील कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, एनडीए घटक दलों के सभी जिलाध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।