बिहार को अमित शाह देंगे बड़ी सौगात! 11 दिसंबर को होगा दौरा, चीनी उद्योग को लेकर हो सकता है बड़ा ऐलान

प्रधानमंत्री के बिहार दौरे के बाद अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान ने जानकारी दी है कि अमित शाह 11 दिसंबर को बिहार पहुंचेंगे।

बिहार को अमित शाह देंगे बड़ी सौगात! 11 दिसंबर को होगा दौरा, चीनी उद्योग को लेकर हो सकता है बड़ा ऐलान
Image Slider
Image Slider
Image Slider

PATNA: प्रधानमंत्री के बिहार दौरे के बाद अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान ने जानकारी दी है कि अमित शाह 11 दिसंबर को बिहार पहुंचेंगे। इस दौरान वह चीनी मिल से संबंधित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। हालांकि, उनके दौरे का स्थान और कार्यक्रम से जुड़ी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

मंत्री संजय पासवान के इस बयान के बाद राज्य के गन्ना किसानों और चीनी उद्योग से जुड़े लोगों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। माना जा रहा है कि इस कार्यक्रम के दौरान बिहार में गन्ना उद्योग को मजबूत करने और किसानों को नई सुविधाएं उपलब्ध कराने से संबंधित मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।

गन्ना विकास रथ से गांव-गांव तक पहुंचेगी सरकारी योजनाओं की जानकारी

राज्य में गन्ने की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने जागरूकता अभियान शुरू किया है। इसी उद्देश्य से गन्ना विकास रथ को रवाना किया गया है। यह रथ बिहार के अलग-अलग जिलों में जाकर किसानों को सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देगा।

अभियान के दौरान नुक्कड़ नाटक और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनके माध्यम से किसानों को मौजूदा योजनाओं, गन्ने की खेती को बढ़ावा देने के उपायों और भविष्य में शुरू होने वाली सरकारी पहलों के बारे में बताया जाएगा।

बिहार में नई चीनी मिल खोलने की तैयारी

गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान के मुताबिक, बिहार में वर्तमान में 10 चीनी मिलें संचालित हैं। इसके अलावा राज्य के दूसरे क्षेत्रों में भी नई चीनी मिलें शुरू करने की दिशा में सरकार काम कर रही है।

मंत्री ने संकेत दिया कि जल्द ही राज्य में एक नई चीनी मिल शुरू की जाएगी। इससे गन्ना किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है।

किसानों को क्या मिलेगा फायदा?

सरकार का लक्ष्य गन्ने की खेती का दायरा बढ़ाने, किसानों को योजनाओं से जोड़ने और चीनी उद्योग को गति देने का है। अब 11 दिसंबर को अमित शाह के प्रस्तावित कार्यक्रम पर नजर रहेगी। हालांकि, किसी नई परियोजना या आर्थिक पैकेज की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है।