नवादा में बाइक और ट्रेक्टर की टक्कर, एक की मौत दो घायल
नवादा में भीषण सड़क हादसा: हिसुआ-नरहट मार्ग पर ट्रैक्टर और बाइक की जोरदार टक्कर में एक युवक की मौत, दो गंभीर। हादसे के बाद गांव में मचा कोहराम। पूरी खबर पढ़ें।
नवादा जिले के हिसुआ - नरहट मुख्य मार्ग पर मीनापुर गांव के पास शनिवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, सीमेंट लदा एक ट्रैक्टर हिसुआ की ओर से आ रहा था। वहीं बाइक पर सवार तीन युवक पुनौल की तरफ से हिसुआ जा रहे थे। मीनापुर चौक के समीप दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत तीनों घायलों को ई-रिक्शा से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नरहट पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दरगाही बिगहा गांव निवासी अमर पासवान को मृत घोषित कर दिया।वहीं गंभीर रूप से घायल विशाल कुमार और रणवीर कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, नवादा रेफर कर दिया गया है।
सूचना मिलते ही नरहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन दहाड़ें मारकर रो रहे हैं। पूरे गांव में शोक का माहौल है।