बिहार में भ्रष्टाचार पर EOU की बड़ी कार्रवाई! DPO Ruby Kumari के 4 ठिकानों पर छापेमारी, 80% अधिक संपत्ति का मामला

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। इस बार किशनगंज में तैनात समग्र शिक्षा अभियान की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) रूबी कुमारी EOU के निशाने पर हैं।

बिहार में भ्रष्टाचार पर EOU की बड़ी कार्रवाई! DPO Ruby Kumari के 4 ठिकानों पर छापेमारी, 80% अधिक संपत्ति का मामला
Image Slider
Image Slider
Image Slider

KISHANGANJ: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। इस बार किशनगंज में तैनात समग्र शिक्षा अभियान की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) रूबी कुमारी EOU के निशाने पर हैं। मंगलवार को विशेष न्यायालय से सर्च वारंट मिलने के बाद आर्थिक अपराध इकाई की विशेष टीमों ने उनके कुल चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक, EOU की एक टीम ने किशनगंज स्थित रूबी कुमारी के किराए के मकान पर छापेमारी की, जबकि दूसरी टीम समग्र शिक्षा अभियान के जिला कार्यालय स्थित उनके चेंबर में पहुंची। दोनों जगहों पर स्थानीय पुलिस बल की तैनाती की गई है। छापेमारी के दौरान अधिकारियों की टीम महत्वपूर्ण सरकारी फाइलों, बैंक पासबुक, निवेश से जुड़े दस्तावेजों और कंप्यूटर सहित डिजिटल उपकरणों की जांच कर रही है।

वहीं, इस कार्रवाई का दायरा किशनगंज तक ही सीमित नहीं है। पड़ोसी जिले कटिहार में भी रूबी कुमारी से जुड़े दो अन्य ठिकानों पर EOU की अलग-अलग टीमें तलाशी अभियान चला रही हैं। इस तरह कुल चार स्थानों पर एक साथ जांच की जा रही है।

बताया जा रहा है कि रूबी कुमारी के खिलाफ पद का दुरुपयोग करने और सरकारी योजनाओं में वित्तीय अनियमितताओं के जरिए आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायतें मिली थीं। EOU की प्रारंभिक जांच में उनकी घोषित और वैध आय से करीब 80 प्रतिशत अधिक संपत्ति होने की बात सामने आई है। इसी आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर यह कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल चारों ठिकानों पर जमीन के दस्तावेज, नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य संपत्तियों का सत्यापन किया जा रहा है। छापेमारी पूरी होने के बाद ही बरामद संपत्ति और दस्तावेजों की वास्तविक जानकारी सामने आएगी।

किशनगंज से हर्ष कुमार की रिपोर्ट