सब्जी लदे पिकअप के हाईवा ने उड़ाए परखच्चे, बेगूसराय और खगड़िया के दो युवकों ने तोड़ा दम
भागलपुर के सुल्तानगंज में मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर भीषण सड़क हादसा। हाईवा और पिकअप वैन की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में चालक और खलासी की दर्दनाक मौत।
बिहार के भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन सड़क पर शनिवार की अहले सुबह एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। गनगनिया गांव (रेलवे स्टेशन) के समीप एक तेज रफ्तार हाईवा ट्रक और मालवाहक पिकअप वैन के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और गाड़ी के केबिन में ही फंसकर चालक व खलासी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि पिकअप वैन समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय से परवल और बैंगन (सब्जियां) लोड कर भागलपुर की ओर जा रही थी। जैसे ही पिकअप गनगनिया गांव के पास फोरलेन पर पहुंची, तभी विपरीत दिशा (भागलपुर से मुंगेर की ओर) से आ रहे एक अनियंत्रित हाईवा ट्रक ने सामने से उसमें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे को अंजाम देने के बाद हाईवा चालक मौके का फायदा उठाकर अपने वाहन समेत फरार हो गया।
स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर सुल्तानगंज थाना पुलिस तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पिकअप वैन इस कदर क्षतिग्रस्त हो चुकी थी कि दोनों युवकों के शव बुरी तरह मलबे में फंस गए थे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला।
मृतकों की पहचान:
गुलशन कुमार (25 वर्ष): पिता रामभरोस दास, निवासी- मंसूरचक, जिला- बेगूसराय (खलासी)
सुमन कुमार (23 वर्ष): पिता दिनेश तांती, निवासी- मथुरापुर काली स्थान, जिला- खगड़िया (चालक)
दो युवकों की अचानक हुई इस मौत के बाद इलाके में शोक की लहर है। पुलिस ने तत्काल आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया है। फिलहाल पुलिस फरार हाईवा और उसके चालक की तलाश में जुटी है।