भाई बना कसाई: भाभी से सिर्फ इतना पूछने पर बड़े भाई ने छोटे को मार दी सीने में गोली! हालत गंभीर
आरा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में मामूली बात पर बड़े भाई ने छोटे भाई मनोज शर्मा को सीने में गोली मार दी। गंभीर हालत में जख्मी युवक को पटना रेफर किया गया है।
बिहार के भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत श्रीनगर भकुरा गांव से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक मामूली पारिवारिक विवाद ने ऐसा खूनी रूप अख्तियार किया कि बड़े भाई ने मर्यादा की सारी दीवारें लांघते हुए अपने ही सगे छोटे भाई को गोली मार दी। गोली सीधे युवक के दाहिने सीने में जा धंसी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।
आनन-फानन में परिजनों ने उसे आरा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जख्मी युवक की पहचान श्रीनगर भकुरा गांव निवासी स्वर्गीय गोकुल शर्मा के 25 वर्षीय पुत्र मनोज कुमार शर्मा के रूप में हुई है। घटना की जो वजह सामने आई है, वह बेहद हैरान करने वाली है। बताया जा रहा है कि मनोज कुमार शर्मा की भाभी स्थानीय एक होटल में काम करती हैं। गुरुवार की शाम जब वह काम खत्म करके घर लौटीं, तो देवर मनोज ने सहज भाव से उनसे बस इतना कह दिया कि - "भाभी, आप होटल से काम करके वापस आ गईं।"
भाभी की शिकायत पर आगबबूला हुआ बड़ा भाई:
मनोज का यह सवाल उसकी भाभी को नागवार गुजरा। उसने घर आते ही इस बात की शिकायत मिर्च-मसाला लगाकर अपने पति (मनोज के बड़े भाई) से कर दी। पत्नी की बात सुनते ही बड़ा भाई गुस्से से अंधा हो गया। वह तुरंत मनोज के पास पहुंचा और उसके साथ भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए बदतमीजी करने लगा।
देखते ही देखते दोनों भाइयों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने आव देखा न ताव, सीधे कमर से हथियार निकाला और मनोज के सीने को निशाना बनाते हुए ट्रिगर दबा दिया। गोली लगते ही मनोज चीखते हुए जमीन पर गिर पड़ा और आरोपी भाई मौके से फरार हो गया।
पुलिस कर रही है छापेमारी:
वारदात की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस दल-बल के साथ श्रीनगर भकुरा गांव पहुंची और मामले की तफ्तीश में जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और परिजनों से पूछताछ कर रही है।
थानाध्यक्ष के मुताबिक, पुलिस मामले की सभी पहलुओं (घरेलू विवाद, आपसी रंजिश आदि) से गहन जांच कर रही है। आरोपी भाई की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है, ताकि उसे जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।