प्रेम विवाह के 8 साल बाद दहेज की मांग! दो पक्षों में खूनी संघर्ष और पथराव, महिला समेत 3 घायल

थाना चौक मोहल्ला में प्रेम विवाह के 8 साल बाद दहेज की मांग को लेकर दो पक्षों में मारपीट और पथराव हुआ। महिला, उसके पिता और ससुर समेत 3 घायल।

प्रेम विवाह के 8 साल बाद दहेज की मांग! दो पक्षों में खूनी संघर्ष और पथराव, महिला समेत 3 घायल
लव मैरिज के बाद दहेज प्रताड़ना का आरोप, पथराव में ससुर और मायके वाले घायल
Image Slider
Image Slider
Image Slider

जमुई: शहर के थाना चौक मोहल्ला में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहाँ 8 साल पहले हुए प्रेम विवाह के बाद अचानक दहेज की मांग को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव शुरू हो गई। इस हिंसक झड़प में एक पक्ष से मो. फिरोज आलम उर्फ बबलू और दूसरे पक्ष से मो. शमीम तथा उनकी पुत्री गुलशन खातून गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया।

​नाबालिग उम्र में हुआ था प्रेम विवाह, अब 2 बच्चे भी हैं:

​पीड़िता गुलशन खातून ने पुलिस को दिए बयान में अपनी आपबीती सुनाई। उसने बताया कि वर्ष 2018 में उसका अरमान खान नामक युवक से प्रेम विवाह हुआ था। शादी के वक्त वह नाबालिग थी, जिसे लेकर उस समय मुकदमा भी दर्ज हुआ था। हालांकि, बाद में दोनों पक्षों ने आपस में बैठकर समझौता कर लिया और गुलशन अपने पति अरमान के साथ रहने लगी। सब कुछ ठीक चल रहा था और इस दौरान दोनों के दो बच्चे भी हुए।

​पति के विदेश से लौटते ही बदला ससुराल का रंग:

​गुलशन के मुताबिक, उसका पति अरमान कमाने के लिए विदेश चला गया था। करीब ढाई साल बाद जब वह हाल ही में विदेश से घर लौटा, तो गुलशन ने उसके साथ रहने की बात कही। लेकिन इस बीच ससुराल वालों की नीयत बदल चुकी थी। वे अब गुलशन को घर में रखने के लिए तैयार नहीं थे।

​पीड़िता का आरोप है कि उसके ससुराल वालों ने साफ कह दिया कि जब तक मायके से मोटी रकम (दहेज) नहीं लाई जाएगी, तब तक उसे घर में कदम नहीं रखने दिया जाएगा। जब गुलशन और उसके पिता मो. शमीम ने इस बात का विरोध किया, तो ससुराल पक्ष के लोग उग्र हो गए।

​बीच-बचाव करने पहुंचे गुलशन के बुजुर्ग पिता को भी बेरहमी से पीटा गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक मोड़ ले लिया और दोनों तरफ से पत्थरबाजी शुरू हो गई, जिसमें गुलशन के ससुर फिरोज आलम भी घायल हो गए।

पति समेत पूरे ससुराल पक्ष पर केस दर्ज:

​पीड़िता गुलशन खातून ने न्याय की गुहार लगाते हुए पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उसने अपने पति अरमान खान के अलावा ससुर फिरोज आलम, सास शहनाज खातून, ननद, देवर अमन खान और नंदोई को नामजद आरोपी बनाते हुए दहेज प्रताड़ना और जानलेवा हमले का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और कहा है कि तहकीकात के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।