यात्रियों के लिए जरूरी खबर:पूर्वोत्तर रेलवे की नई टाइम टेबल जारी, दरभंगा-जयनगर-सहरसा रूट की ट्रेनों का समय बदला
पूर्वोत्तर रेलवे ने नई समय-सारणी जारी की है, जिसके तहत दरभंगा, जयनगर और सहरसा से चलने वाली कई ट्रेनों के प्रस्थान और पहुंचने के समय में बदलाव किया गया है। कुछ बदलाव फरवरी से और अधिकांश 01 अप्रैल 2026 से लागू होंगे।
पटना/दरभंगा।पूर्वोत्तर रेलवे ने ट्रेनों के परिचालन को और अधिक सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से एक नई समय-सारणी जारी की है। इस बदलाव का सीधा असर बिहार के प्रमुख रेलवे जंक्शनों दरभंगा, जयनगर और सहरसा से खुलने वाली ट्रेनों पर पड़ेगा। रेलवे प्रशासन के अनुसार, कुछ ट्रेनों के गंतव्य स्टेशन पर पहुंचने का समय फरवरी 2026 से बदलेगा, जबकि कई ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव 01 अप्रैल 2026 से लागू होगा।रेलवे द्वारा जारी सूचना के मुताबिक, कुल 12 ट्रेनों के पहुंचने के समय में फरवरी की अलग-अलग तिथियों से संशोधन किया गया है। वहीं, 10 ट्रेनों के प्रस्थान समय में अप्रैल से बदलाव प्रभावी होगा। इस परिवर्तन के तहत अधिकतर ट्रेनों के समय में 5 से 10 मिनट की कटौती की गई है।
दरभंगा से खुलने वाली ट्रेनों का बदला समय (01 अप्रैल से)
- दरभंगा से प्रस्थान करने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों की टाइमिंग में बदलाव किया गया है।
- 12565 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस अब सुबह 08.20 की बजाय 08.15 बजे खुलेगी।
- 15211 जननायक एक्सप्रेस शाम 05.20 के स्थान पर 05.15 बजे रवाना होगी।
- 15557 आनंद विहार एक्सप्रेस (02 अप्रैल से) दोपहर 03.00 के बजाय 02.55 बजे खुलेगी।
- 19166 अहमदाबाद एक्सप्रेस (03 अप्रैल से) सुबह 04.30 की जगह 04.20 बजे चलेगी।
अमृत भारत एक्सप्रेस की टाइमिंग में बदलाव
आधुनिक सुविधाओं से लैस अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के समय में भी संशोधन किया गया है।
- 15561 दरभंगा–गोमतीनगर अमृत भारत (04 अप्रैल से) दोपहर 03.00 के बजाय 02.55 बजे प्रस्थान करेगी।
- 19624 दरभंगा–मदार अमृत भारत (05 अप्रैल से) अब 02.10 बजे खुलेगी।
- वहीं, 19623 मदार–दरभंगा अमृत भारत ट्रेन अब रात 12.55 बजे दरभंगा पहुंचेगी।
जयनगर और सहरसा रूट की ट्रेनें
- जयनगर से चलने वाली शहीद एक्सप्रेस और सरयु-यमुना एक्सप्रेस अब सुबह 07.15 बजे प्रस्थान करेंगी।
- सहरसा से चलने वाली सहरसा–आनंद विहार एक्सप्रेस सुबह 11.30 बजे खुलेगी, जबकि अमृतसर एक्सप्रेस (15531) अपने निर्धारित समय से 5 मिनट पहले 03.00 बजे रवाना होगी।
गंतव्य स्टेशन पर पहुंचने का नया समय (फरवरी से)
- दरभंगा पहुंचने वाली ट्रेनें: पुणे–दरभंगा (07.10 AM), नई दिल्ली–दरभंगा (09.35 AM), अमृतसर–दरभंगा (03.10 AM)।
- जयनगर पहुंचने वाली: अमृतसर–जयनगर (12.45 AM), एलटीटी–जयनगर (02.10 AM)।
- रक्सौल व सहरसा: आनंद विहार–रक्सौल रात 10.10 बजे, आनंद विहार–सहरसा शाम 07.25 बजे पहुंचेगी।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपडेटेड टाइम टेबल जरूर जांच लें।
pragatisharma3959