बिहार में 32% वोटों पर प्रशांत किशोर की नजर! सवर्ण और मुस्लिम समीकरण से 150 सीटों पर बदल सकता है सियासी खेल?
बिहार की राजनीति में एक बार फिर नए सियासी समीकरण की चर्चा तेज हो गई है। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की हालिया राजनीतिक गतिविधियों को देखकर कयास लगाए जा रहे हैं कि उनकी नजर अब सवर्ण समाज के वोट बैंक पर है।
PATNA: बिहार की राजनीति में एक बार फिर नए सियासी समीकरण की चर्चा तेज हो गई है। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की हालिया राजनीतिक गतिविधियों को देखकर कयास लगाए जा रहे हैं कि उनकी नजर अब सवर्ण समाज के वोट बैंक पर है। ब्राह्मण, भूमिहार, राजपूत और कायस्थ समाज के नेताओं से उनकी बढ़ती मुलाकातों ने इन चर्चाओं को और हवा दे दी है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अगर प्रशांत किशोर सवर्ण और मुस्लिम वोटरों को एक साथ जोड़ने में सफल होते हैं, तो बिहार की करीब 150 विधानसभा सीटों पर इसका असर देखने को मिल सकता है।
दरअसल, बिहार में सवर्ण समाज की आबादी करीब 15 प्रतिशत मानी जाती है, जबकि मुस्लिम आबादी 17 प्रतिशत से अधिक है। इस तरह दोनों वर्गों का संयुक्त वोट बैंक 32 प्रतिशत से ज्यादा बैठता है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह समीकरण कई सीटों पर चुनावी मुकाबले को प्रभावित कर सकता है। हालांकि, इन दोनों वर्गों का वोट एकमुश्त किसी एक पार्टी को मिलना तय नहीं है।
सवर्ण समाज के बड़े नेताओं से बढ़ रही नजदीकी
प्रशांत किशोर पिछले कुछ समय से सवर्ण समाज के कार्यक्रमों में लगातार शामिल हो रहे हैं। ब्राह्मण समाज की सभाओं से लेकर दूसरे सामाजिक आयोजनों तक उनकी मौजूदगी चर्चा में है। इसके अलावा भाजपा के सवर्ण समाज से आने वाले वरिष्ठ नेताओं से उनकी मुलाकातों के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं।
हाल ही में भूमिहार समाज के प्रभावशाली नेता सीपी ठाकुर और विजय सिन्हा के साथ उनकी मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो सामने आए। इसके बाद बिहार की राजनीति में उनके नए समीकरण को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
भाजपा के कोर वोट बैंक में सेंध लगाने की कोशिश?
राजनीतिक विशेषज्ञों की मानें तो लालू प्रसाद यादव के सत्ता में आने के बाद बिहार का सवर्ण वोट बैंक बड़े पैमाने पर भाजपा की ओर शिफ्ट हुआ था। करीब तीन दशकों से यह वर्ग भाजपा का महत्वपूर्ण समर्थक माना जाता रहा है। हालांकि, मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और यूजीसी के नए कानून को लेकर उठे विवाद के बाद सवर्ण समाज के एक हिस्से में नाराजगी की चर्चा है।
उनका मानना है कि प्रशांत किशोर इस राजनीतिक स्थिति को अपने पक्ष में इस्तेमाल करने की कोशिश कर सकते हैं। हाल के उपचुनाव और एमएलसी चुनावों में भी अलग-अलग दलों के उम्मीदवारों को मिले समर्थन को इसी बदलते राजनीतिक माहौल के संदर्भ में देखा जा रहा है।
क्या सवर्ण और मुस्लिम वोटों से बनेगा नया समीकरण?
वरिष्ठ पत्रकारों का मानना है कि प्रशांत किशोर की सवर्ण नेताओं से मुलाकात के पीछे नए राजनीतिक ध्रुवीकरण की कोशिश हो सकती है। उनके अनुसार, मुस्लिम समाज के साथ भी प्रशांत किशोर के संवाद और संपर्क रहे हैं। ऐसे में दोनों वर्गों के बीच राजनीतिक स्वीकार्यता बढ़ाना जन सुराज की रणनीति का हिस्सा हो सकता है।
हालांकि, उन्होंने यह भी संभावना जताई कि भाजपा नेताओं के साथ मुलाकातें स्थानीय राजनीतिक संबंधों और क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों के कारण भी हो सकती हैं।
2029 और 2030 के चुनाव पर नजर
राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि प्रशांत किशोर की तैयारी केवल तत्काल चुनाव तक सीमित नहीं है। उनकी नजर 2029 के लोकसभा और 2030 के बिहार विधानसभा चुनाव पर भी है। इससे पहले पंचायत चुनाव में भी जन सुराज अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने की कोशिश कर सकता है।
उनके मुताबिक, प्रशांत किशोर पहले भी बिहार में लंबे समय तक काम करने और अगले दस साल राज्य को देने की बात कह चुके हैं। ऐसे में आने वाले चुनाव उनके राजनीतिक भविष्य के लिहाज से महत्वपूर्ण होंगे।
जन सुराज ने जाति आधारित राजनीति से किया इनकार
वहीं, जन सुराज के वरिष्ठ नेता और पूर्व आईएएस अधिकारी ललन कुमार ने जाति और धर्म के आधार पर राजनीतिक समीकरण बनाने की बात से इनकार किया है। उनका कहना है कि उनकी पार्टी समाज के वास्तविक मुद्दों और उनके समाधान पर राजनीति करती है। उन्होंने बताया कि 2029 और 2030 के चुनावों को लेकर संगठन की तैयारी लगातार जारी है।
RJD और BJP ने भी दी प्रतिक्रिया
इस पूरे मामले पर आरजेडी प्रवक्ता चितरंजन गगन ने कहा कि भाजपा का सवर्ण वोट बैंक उससे नाराज है। उनके मुताबिक, प्रशांत किशोर की कोशिश है कि यह वोट राजद की तरफ नहीं जाए। उन्होंने दावा किया कि एमएलसी चुनाव में राजद ने सवर्ण समाज से आने वाले उम्मीदवारों को मौका दिया और उन्हें जनता का समर्थन भी मिला।
दूसरी ओर, भाजपा प्रवक्ता पंकज सिंह ने प्रशांत किशोर की राजनीतिक ताकत को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने बांकीपुर उपचुनाव में उनकी जीत को एक्सीडेंटल बताते हुए कहा कि भाजपा को जन सुराज से कोई खतरा नहीं है।
चुनावी रणनीतिकार से बिहार की राजनीति तक का सफर
प्रशांत किशोर ने 2011 में चुनावी रणनीतिकार के रूप में अपना सफर शुरू किया था। गुजरात, बिहार, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और दिल्ली समेत कई राज्यों में उन्होंने अलग-अलग राजनीतिक दलों और नेताओं के लिए चुनावी रणनीति तैयार की।
इसके बाद उन्होंने बिहार में सक्रिय राजनीति का रास्ता चुना। 2 अक्टूबर 2022 को पश्चिम चंपारण के भितिहरवा गांधी आश्रम से जन सुराज पदयात्रा शुरू की। दो साल बाद 2 अक्टूबर 2024 को पटना के गांधी मैदान में जन सुराज को राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित किया गया।
अब बांकीपुर उपचुनाव में मिली जीत के बाद उनकी पार्टी को लेकर चर्चाएं फिर तेज हुई हैं। हालांकि, बिहार की राजनीति में 32 प्रतिशत वोटों का यह संभावित समीकरण वास्तव में कितना असरदार होगा, इसका फैसला आने वाले चुनावों में ही होगा। फिलहाल इतना साफ है कि सवर्ण वोट बैंक को लेकर बिहार में नई राजनीतिक गोलबंदी की कोशिशें चर्चा के केंद्र में हैं।
pranavpr