पटना के दानापुर में दर्दनाक सड़क हादसा: मालवाहक ऑटो की टक्कर से छात्र की मौत, चालक गिरफ्तार
राजधानी पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र के चूल्हाई चक के पास मंगलवार की देर रात तेज रफ्तार मालवाहक ऑटो और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार 23 वर्षीय छात्र युवराज सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
DANAPUR/PATNA: राजधानी पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र के चूल्हाई चक के पास मंगलवार की देर रात तेज रफ्तार मालवाहक ऑटो और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार 23 वर्षीय छात्र युवराज सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे इलाज के लिए सगुना मोड़ स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान भोजपुर जिले के बखरिया गांव निवासी सतेंद्र सिंह के पुत्र युवराज सिंह के रूप में हुई है। वह रामजयपाल स्थित अर्पणा बैंक कॉलोनी में किराये के मकान में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था।
मृतक के भाई अर्जुन सिंह ने बताया कि मंगलवार रात युवराज बाइक से दानापुर स्टेशन ट्रेन पकड़ने जा रहा था। इसी दौरान चूल्हाई चक के पास सामने से तेज गति में आ रहे मालवाहक ऑटो ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद युवराज ने फोन कर दुर्घटना की जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो वह गंभीर रूप से घायल था और उसकी सांसें चल रही थीं। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।सूचना मिलने पर पहुंची रूपसपुर पुलिस ने बुधवार को शव को कब्जे में लेकर अनुमंडलीय अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। थानाध्यक्ष शशि भूषण सिंह ने बताया कि मृतक के भाई के बयान पर ऑटो चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं यातायात प्रभारी थानाध्यक्ष सुमन प्रसाद ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त मालवाहक ऑटो जब्त कर लिया गया है और चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
दानापुर से रजत कुमार की रिपोर्ट
pranavpr