मैथिली ठाकुर के पिता पर सरकारी जमीन कब्जाने का आरोप, किरकिरी के बाद रातोंरात चला बुलडोजर, तोड़ा गया रास्ता

बिहार के दरभंगा जिले की अलीनगर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक मैथिली ठाकुर के पिता रमेश ठाकुर जमीन विवाद को लेकर चर्चा में हैं। उन पर सरकारी और निजी जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगा है।

मैथिली ठाकुर के पिता पर सरकारी जमीन कब्जाने का आरोप, किरकिरी के बाद रातोंरात चला बुलडोजर, तोड़ा गया रास्ता
Image Slider
Image Slider
Image Slider

DARBHANGA: बिहार के दरभंगा जिले की अलीनगर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक मैथिली ठाकुर के पिता रमेश ठाकुर जमीन विवाद को लेकर चर्चा में हैं। उन पर सरकारी और निजी जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगा है। मामला तारडीह प्रखंड के पोखरभिंडा पंचायत का है, जहां रमेश ठाकुर ने हाल ही में जमीन खरीदी है और वहां मकान का निर्माण करा रहे हैं। ग्रामीणों ने इसको लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय तक शिकायत पहुंचाई, जिसके बाद प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी।

विवादित जमीन की प्रशासन ने कराई मापी

गुरुवार को झंझारपुर के डीसीएलआर और अंचल अधिकारी मौके पर पहुंचे और विवादित जमीन की मापी कराई। प्रारंभिक सीमांकन के बाद डीसीएलआर ने मुख्य द्वार के बाहर बने खरंजा और डिवाइडर को हटाने का निर्देश दिया। इसके बाद सरकारी जमीन पर बने रास्ते के हिस्से को बुलडोजर की मदद से तोड़ दिया गया। प्रशासन ने दोनों पक्षों से अगले आदेश तक शांति बनाए रखने की अपील की है।

मैथिली ठाकुर ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

विवाद बढ़ने के बाद सोशल मीडिया पर मैथिली ठाकुर और उनके परिवार की आलोचना होने लगी। हालांकि, मैथिली ठाकुर ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनके परिवार के पास जमीन से संबंधित वैध दस्तावेज मौजूद हैं और किसी की जमीन पर कब्जा नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाने वालों से सोशल मीडिया पर बयानबाजी करने के बजाय सक्षम अधिकारी के समक्ष सबूतों के साथ शिकायत दर्ज कराने की अपील की।

विपक्ष ने भी उठाए सवाल

इस मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। राजद विधायक भाई वीरेंद्र और पूर्व विधायक तेज प्रताप यादव ने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

ग्रामीणों ने क्या लगाए आरोप?

ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम देवता तिवारी बाबा स्थान, सामूहिक श्राद्ध स्थल, निजी श्मशान और शशिनाथ मिश्रा चौक से वाटरवेज की ओर जाने वाली सार्वजनिक सड़क को चारदीवारी बनाकर बाधित किया जा रहा है।

वहीं, अंचल अधिकारी आलोक कुमार ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों को जनता दरबार में बुलाया गया है। जमीन के दस्तावेजों की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।