गया जी कृषि उत्पादन बाजार समिति का अध्यक्ष प्रेम कुमार ने किया निरीक्षण, 78.50 करोड़ की परियोजना जल्द होगी पूरी
बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने गया जी के चंदौती स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर में नवनिर्मित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। 78.50 करोड़ रुपये की लागत से विकसित यह परियोजना किसानों को बेहतर विपणन सुविधा, उचित मूल्य और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराएगी। परियोजना के पूर्ण होने से शहर को जाम की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
गया जी|अध्यक्ष बिहार विधानसभा डॉ. प्रेम कुमार ने गुरुवार को गया जी अंतर्गत चंदौती स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर में नवनिर्मित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया तथा संबंधित पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति एवं उपलब्ध सुविधाओं की विस्तार से जानकारी ली।
इस अवसर पर डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि गया जी की कृषि उत्पादन बाजार समिति परियोजना की कुल लागत 78.50 करोड़ रुपये है, जो लगभग 56.48 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित की गई है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना जिले के किसानों, व्यापारियों एवं आमजन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। अधिकांश कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं तथा शेष बचे कार्यों में भी संतोषजनक प्रगति देखी जा रही है, जिन्हें शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।
समीक्षा के क्रम में बताया गया कि वेट ब्रिज, गार्ड रूम, प्रशासनिक भवन, गेस्ट हाउस, पार्क एरिया, वर्कर कैंटीन, ट्रक ले-बाई, लोडिंग–अनलोडिंग प्लेटफॉर्म, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, टॉयलेट ब्लॉक, ग्रीन एरिया, स्ट्रीट लाइट, वेडिंग प्लेटफॉर्म, सोलर पैनल, रिटेल शॉप, कमर्शियल ब्लॉक, लाइव स्टॉक शॉप, फार्मर रेस्ट हाउस, वर्कर रेस्ट शेड, 1000 मीट्रिक टन क्षमता के गोदाम, फल एवं सब्जी विक्रेता केंद्र, खुदरा विक्रेता केंद्र सहित अन्य कई महत्वपूर्ण कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि गयाजी में फल एवं सब्जी के बड़ी गाड़ियों के आवागमन से आए दिन शहर में जाम की समस्या बनी रहती है वहीं कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर में लोडिंग एवं अनलोडिंग होने से शहर को जाम की समस्या से निजात मिलेगी।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि इस आधुनिक कृषि उत्पादन बाजार समिति के पूर्ण रूप से क्रियान्वित होने से किसानों को अपनी उपज के विपणन में सुविधा मिलेगी, बिचौलियों की भूमिका कम होगी और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य प्राप्त होगा। साथ ही, क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शेष बचे कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि इस परियोजना का लाभ जल्द से जल्द किसानों और व्यापारियों तक पहुंच सके।
वही मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी अनिल कुमार रमन, जिला कृषि पदाधिकारी संजीव कुमार, जिला उद्यान पदाधिकारी तबस्सुम प्रवीण,परियोजना अभियंता आकाशदीप, आत्मा से नीरज कुमार, जिला महामंत्री पप्पू चंद्रवंशी, नीरज निश्चल, देवानंद पासवान, कृष्णा साहू, राजनंदन गांधी, वेद प्रकाश, अशोक साहनी, गोपाल चंद्रवंशी,सागर सचदेवा,विकाश कुमार,हरि यादव सहित अन्य मौजूद रहे।
pragatisharma3959