CM सम्राट के सामने मंत्री निशांत कुमार को बॉडीगार्ड ने पीछे हटाया, वीडियो वायरल; JDU ने की कार्रवाई की मांग

बिहार की सियासत में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से जुड़ा एक वीडियो चर्चा में है। वैशाली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे मुख्यमंत्री के साथ मौजूद मंत्री निशांत कुमार को एक सुरक्षाकर्मी ने पीछे हटने का इशारा किया।

CM सम्राट के सामने मंत्री निशांत कुमार को बॉडीगार्ड ने पीछे हटाया, वीडियो वायरल; JDU ने की कार्रवाई की मांग
Image Slider
Image Slider
Image Slider

PATNA: बिहार की सियासत में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से जुड़ा एक वीडियो चर्चा में है। वैशाली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे मुख्यमंत्री के साथ मौजूद मंत्री निशांत कुमार को एक सुरक्षाकर्मी ने पीछे हटने का इशारा किया। इस दौरान बॉडीगार्ड ने उन्हें हाथ लगाकर मुख्यमंत्री के पास से पीछे कर दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने नाराजगी जताई है और संबंधित सुरक्षाकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

जदयू के प्रवक्ता और विधान पार्षद नीरज कुमार ने इस पूरे घटनाक्रम को दुखद और पीड़ाजनक बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस मुख्यालय को मामले का संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करनी चाहिए। नीरज कुमार ने सवाल उठाया कि निशांत कुमार वैशाली जिले के प्रभारी मंत्री हैं और उन्हें निर्धारित सुरक्षा भी प्राप्त है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री के साथ सरकारी दौरे पर मौजूद मंत्री के साथ ऐसा व्यवहार क्यों किया गया?

उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने की मांग करते हुए पूछा कि सुरक्षाकर्मी ने किस परिस्थिति में मंत्री को पीछे हटाया। क्या यह सुरक्षा प्रोटोकॉल का हिस्सा था या फिर इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी?

18 नवंबर को वैशाली दौरे के दौरान हुई घटना

दरअसल, 18 नवंबर को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को प्रस्तावित बिहार दौरे की तैयारियों का जायजा लेने वैशाली पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल, जिसे 'नीतीश सेतु' नाम दिया गया है, का निरीक्षण किया। उनके साथ स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार समेत कई मंत्री और अधिकारी मौजूद थे।

इसी दौरान मीडिया से बातचीत के समय निशांत कुमार मुख्यमंत्री के पास पहुंचे। तभी सुरक्षा में तैनात एक बॉडीगार्ड ने उन्हें हाथ लगाकर पीछे कर दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं। हालांकि, इस कार्रवाई के पीछे सुरक्षा प्रोटोकॉल की क्या वजह थी, इस पर आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।

नीतीश सेतु के नामकरण पर निशांत ने जताया गर्व

वहीं, निशांत कुमार ने पुल का नाम अपने पिता और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर रखे जाने पर खुशी जताई। उन्होंने इसे गर्व का विषय बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास में उनके पिता के योगदान का यह पुल एक प्रतीक है।