'सैफई सिंडिकेट सिर्फ नोट गिनता है, नौकरियां नहीं', 1594 युवाओं को नियुक्ति पत्र बांट CM योगी ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1594 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपने के दौरान समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा
Lucknow: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1594 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपने के दौरान समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उनकी सरकार जिस रफ्तार से युवाओं को नियुक्ति पत्र दे रही है, उसे सैफई सिंडिकेट गिन भी नहीं पाएगा। सैफई सिंडिकेट के लोग केवल नोट गिनना जानते हैं, नौकरियां नहीं।
सीएम योगी ने सपा के घोषणा पत्र में 30 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने के वादे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आज जो लोग 30 लाख नौकरियां देने की बात कर रहे हैं, उन्हें पहले बताना चाहिए कि सत्ता में रहते हुए उन्होंने युवाओं के लिए क्या किया था। योगी ने दावा किया कि उनकी सरकार में भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की जा रही है और युवाओं को बिना भेदभाव उनकी योग्यता के आधार पर नौकरी मिल रही है।
राम मंदिर और नोएडा को लेकर भी अखिलेश पर हमला
मुख्यमंत्री ने राम मंदिर और नोएडा के मुद्दे पर भी अखिलेश यादव को घेरा। उन्होंने कहा कि अखिलेश राम मंदिर का विरोध करते हैं। उन्हें भगवान से डरना चाहिए, पाखंड से नहीं। नोएडा को उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था का चेहरा बताते हुए योगी ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के दौरान वहां लूट-खसोट हुई थी। उन्होंने कहा कि उन्हें भगवा पहनने के बावजूद नोएडा जाने में कोई परेशानी नहीं होती।
पुरानी भर्ती प्रक्रियाओं पर उठाए सवाल
सीएम योगी ने 2017 से पहले की भर्ती व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय प्रदेश में भर्ती के नाम पर फर्जीवाड़ा होता था और मेहनती युवाओं को उनका हक नहीं मिलता था।
योगी ने 2015 के यूपीपीएससी परिणाम का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि कम अंक पाने वाले अभ्यर्थियों को भी टॉपर बनाया गया था। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में नौकरी निकलते ही वसूली का खेल शुरू हो जाता था। अभ्यर्थी परीक्षा देते थे, लेकिन नियुक्ति किसी दूसरे को मिल जाती थी।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि मौजूदा सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को भ्रष्टाचार और परिवारवाद से मुक्त कर युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सुनिश्चित किए हैं।
pranavpr