आनंद मोहन की सजा पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले से गरमाई सियासत, पप्पू यादव बोले- 'ये कैसा कानून है, सब सत्ता का खेल है'
पूर्व सांसद आनंद मोहन की समय से पहले रिहाई को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद बिहार की राजनीति गरमा गई है। शीर्ष अदालत ने जी. कृष्णैया हत्याकांड में दोषी आनंद मोहन की सजा में छूट देकर उन्हें समय से पहले रिहा करने के बिहार सरकार के फैसले को रद्द कर दिया है।
Patna: पूर्व सांसद आनंद मोहन की समय से पहले रिहाई को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद बिहार की राजनीति गरमा गई है। शीर्ष अदालत ने जी. कृष्णैया हत्याकांड में दोषी आनंद मोहन की सजा में छूट देकर उन्हें समय से पहले रिहा करने के बिहार सरकार के फैसले को रद्द कर दिया है। इसके बाद उन्हें दोबारा जेल जाना पड़ सकता है। कोर्ट के फैसले पर अब राजनीतिक दलों के नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने आनंद मोहन का समर्थन करते हुए कानून और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि आखिर यह कैसा कानून है। उन्होंने कहा कि जेल मैनुअल में पहले भी संशोधन होते रहे हैं और आनंद मोहन 14 साल की सजा काट चुके हैं। पप्पू यादव के मुताबिक, आनंद मोहन का हत्या करने का कोई इरादा नहीं था और यह घटना भीड़ के बीच हुई थी।
उन्होंने आगे कहा कि जब आनंद मोहन को रिहा किया गया था, तब सरकार ने नियमों के तहत फैसला लिया था। अब प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं तो बीजेपी सरकार को इसका जवाब देना चाहिए। पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि राजनीति में सत्ता के हिसाब से लोगों का इस्तेमाल किया जाता है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर नेताओं को साथ रखा जाता है और जरूरत खत्म होने पर उन्हें किनारे कर दिया जाता है।
RJD MLC सुनील सिंह ने भी साधा निशाना
इस मामले में आरजेडी एमएलसी सुनील सिंह ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आनंद मोहन और अनंत सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि राजनीतिक जरूरत के समय नेताओं को जेल से बाहर निकाला जाता है और काम निकलने के बाद उन्हें भुला दिया जाता है।
सुनील सिंह ने लवली आनंद और चेतन आनंद को टिकट दिए जाने का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक फायदे के लिए रिश्तों और समर्थन का इस्तेमाल किया गया।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद आनंद मोहन की रिहाई का मामला एक बार फिर बिहार की राजनीति के केंद्र में आ गया है। अब इस मुद्दे पर अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं के बयान सामने आ रहे हैं।
pranavpr