पूर्व विधानसभा प्रत्याशी के ठिकानों पर EOU का छापा, अकूत संपत्ति अर्जित करने का आरोप

बिहार के गया में आर्थिक अपराध इकाई की छापेमारी चल रही है. डोभी थाना अंतर्गत सिंहपुर के रहने वाले सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव के विभिन्न ठिकानों पर ईओयू की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है

पूर्व विधानसभा प्रत्याशी के ठिकानों पर EOU का छापा, अकूत संपत्ति अर्जित करने का आरोप
Image Slider
Image Slider
Image Slider

GAYA: बिहार के गया में आर्थिक अपराध इकाई की छापेमारी चल रही है. डोभी थाना अंतर्गत सिंहपुर के रहने वाले सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव के विभिन्न ठिकानों पर ईओयू की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है. गया और डोभी में पांच ठिकानों पर ईओयू छापेमारी कर रही है. इसके अलावे औरंगाबाद और झारखंड में स्थित ठिकानों पर भी यह कार्रवाई जारी है. ईओयू टीम ने भगत यादव के पुत्र मोनू यादव को हिरासत में लिया है.

अकूत संपत्ति अर्जित करने का आरोप

2025 में विधानसभा चुनाव लड़ चुके सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई पटना में एक गोपनीय तौर पर शिकायत दर्ज कराई गई थी. ईओयू की टीम ने शिकायत का सत्यापन किया और फिर शुक्रवार को कार्रवाई शुरू की. सोर्स से मिली जानकारी के अनुसार आर्थिक अपराध इकाई पटना में शिकायत की गई थी कि सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव ने अवैध तरीके से तकरीबन 200 एकड़ जमीन की अर्जित की है.

यह जमीनें जबरन कब्जा, रंगदारी और अपराधिक गठजोड़ के बूते अर्जित की गई हैं. वहीं, करोड़ों की अकूत संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया गया है. शिकायत में बताया गया है कि सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव ने अपने रिश्तेदारों और करीबियों के नाम पर भी बेनामी संपत्ति अर्जित की है.

ईओयू के हाथ लगे कई दस्तावेज

वहीं, सोर्स से मिली जानकारी के अनुसार आर्थिक अपराध इकाई की टीम को कई दस्तावेज हाथ लगे हैं. अभी तक मिले दस्तावेजों में 76 अलग-अलग संपत्तियों के संबंध में विवरण है. करीब एक दशक में यह संपत्ति बनाई गई है. यह संपत्ति डोभी, बजौरा, परसावां, बड़गांव, बाराचट्टी, बोधगया में बनाई गई है. वहीं, पटना और बोधगया में भी फ्लैट खरीदा है.

काली कमाई को व्हाइट मनी बनाने का आरोप

गोपनीय तौर पर की गई शिकायत में बताया गया है कि सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव ने अनन्या क्रॉप्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी का संचालन करते हैं. इस कंपनी की आङ में काली कमाई को व्हाइट मनी के रूप में तब्दील करना है. भगत यादव के 200 एकड़ जमीन अर्जित करने के मामले में विभिन्न तरीके की जमीनें भी शामिल है, जिसे अवैध तरीके से उसने वर्षों से कब्जा कर अपनी प्रॉपर्टी बनाई है.

भगत यादव का बड़ा आपराधिक रिकॉर्ड

भगत यादव का बड़ा अपराधिक रिकार्ड भी है. भगत यादव के खिलाफ डोभी, बोधगया, रामपुर, टिकारी, कोतवाली, बाराचट्टी, शेरघाटी समेत अन्य थानों में कांड दर्ज हुए हैं. हाल ही में डोभी के बजौरा के संतोष राव का जमीन का मामला सामने आया था, जिसमें भगत यादव पर लाखों की रंगदारी मांगने का आरोप सामने आया था.

भगत यादव के खिलाफ बिहार ही नहीं, बल्कि झारखंड में भी कांड दर्ज बताए जाते हैं. भगत यादव का बड़ा अपराधिक रिकॉर्ड दो दशक के अंतराल में रहा है. बिहार और झारखंड के अलग-अलग थानों में सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव पर रंगदारी, अपहरण, जमीन कब्जे जैसे दर्जन भर से अधिक कांड दर्ज हैं. वहीं, फिलहाल में आर्थिक अपराध इकाई पटना की टीम के किसी अधिकारी द्वारा आधिकारिक तौर पर कुछ भी नहीं बताया जा रहा है. वहीं, ईओयू की ताबङतोङ कार्रवाई जारी है. इस संबंध में गया के सिटी एसपी अभिनव कुमार से संपर्क साधा गया लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया.

कौन हैं भगत यादव?

सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव पहले राष्ट्रीय जनता दल में थे लेकिन पिछले विधानसभा चुनाव में आरजेडी से उनको टिकट नहीं मिला. जिस वजह से उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर शेरघाटी विधानसभा से चुनाव लड़ा था. हालांकि उनको हार का सामना करना पड़ा था. 8284 वोट लाकर वह पांचवें नंबर पर रहे थे.