बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: मुख्यमंत्री सचिवालय में तैनात किए गए तीन अधिकारी, रीतिका सहाय को भी मिली नई जिम्मेदारी
बिहार में एक बार फिर प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। राज्य सरकार ने बिहार प्रशासनिक सेवा के तीन अधिकारियों को मुख्यमंत्री सचिवालय में नई जिम्मेदारी सौंपी है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से गुरुवार को अधिसूचना जारी की गई
PATNA: बिहार में एक बार फिर प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। राज्य सरकार ने बिहार प्रशासनिक सेवा के तीन अधिकारियों को मुख्यमंत्री सचिवालय में नई जिम्मेदारी सौंपी है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से गुरुवार को अधिसूचना जारी की गई। वहीं, बिहार ग्रामीण विकास सेवा की अधिकारी रीतिका सहाय का भी तबादला किया गया है। उन्हें बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड) में सहायक निदेशक नियुक्त किया गया है।
सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, मुख्यमंत्री सचिवालय में तैनात किए गए अधिकारियों में मुकेश कुमार, अमरेश कुमार और शशिभूषण प्रसाद शामिल हैं। इन तीनों अधिकारियों को उनके वर्तमान पदों से हटाकर नई जिम्मेदारी दी गई है।
मुकेश कुमार इससे पहले मधेपुरा जिले में आपदा प्रबंधन के अपर समाहर्ता के पद पर कार्यरत थे। अब उन्हें मुख्यमंत्री सचिवालय में तैनात किया गया है। इसी तरह अमरेश कुमार पूर्वी चंपारण में वरीय उप समाहर्ता के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। उन्हें भी राजधानी पटना स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, शशिभूषण प्रसाद नगरपालिका स्वच्छता एवं विकास निदेशालय में संयुक्त निदेशक के पद पर कार्यरत थे। सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना के बाद अब वह भी मुख्यमंत्री सचिवालय में अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे।
दूसरी ओर, रीतिका सहाय को बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड) में सहायक निदेशक बनाया गया है। वह बिहार ग्रामीण विकास सेवा संवर्ग की अधिकारी हैं। बिपार्ड में सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशासनिक कार्यप्रणाली, प्रबंधन और ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाता है।
इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद संबंधित विभागों में भी नई व्यवस्था करनी होगी। हालांकि, सरकार ने इन अधिकारियों की नई तैनाती के पीछे कोई विशेष वजह स्पष्ट नहीं की है।
pranavpr