बिहार के 5 जिलों में दवा दुकानों पर छापेमारी, कई जगह मिली गड़बड़ी; वैक्सीन डिस्ट्रीब्यूटर का गोदाम सील

बिहार में नकली, एक्सपायर्ड और प्रतिबंधित दवाओं के कारोबार पर रोक लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। औषधि नियंत्रण विभाग की टीम ने 25 और 26 नवंबर को पटना, भागलपुर, मधुबनी, गयाजी और समस्तीपुर में दवा दुकानों, मेडिकल एजेंसियों और गोदामों पर छापेमारी की।

बिहार के 5 जिलों में दवा दुकानों पर छापेमारी, कई जगह मिली गड़बड़ी; वैक्सीन डिस्ट्रीब्यूटर का गोदाम सील
Image Slider
Image Slider
Image Slider

PATNA: बिहार में नकली, एक्सपायर्ड और प्रतिबंधित दवाओं के कारोबार पर रोक लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। औषधि नियंत्रण विभाग की टीम ने 25 और 26 नवंबर को पटना, भागलपुर, मधुबनी, गयाजी और समस्तीपुर में दवा दुकानों, मेडिकल एजेंसियों और गोदामों पर छापेमारी की। इस दौरान कई प्रतिष्ठानों में गंभीर अनियमितताएं मिलीं। कार्रवाई के दौरान संदिग्ध और एक्सपायर्ड दवाएं जब्त की गईं, जबकि एक वैक्सीन डिस्ट्रीब्यूटर का गोदाम भी सील कर दिया गया।

पटना में कई दवा प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई

राजधानी पटना के गोविंद मित्रा रोड स्थित सात दवा प्रतिष्ठानों की जांच में खरीद-बिक्री और भंडारण से जुड़ी गड़बड़ियां सामने आईं। एक वैक्सीन डिस्ट्रीब्यूटर के यहां से एक्सपायर्ड दवा की 11 स्ट्रिप जब्त की गईं और 12 दवाओं की बिक्री पर रोक लगा दी गई। वहीं, लाइसेंस नहीं दिखाने पर एक गोदाम को सील कर दिया गया।

ड्रग हाउस से 19,642 रुपये मूल्य की 315 स्ट्रिप संदिग्ध दवाएं जब्त की गईं। इसके अलावा एक अन्य प्रतिष्ठान से 13,620 रुपये के एक्सपायर्ड इंजेक्शन की 120 यूनिट बरामद हुईं।

मधुबनी में एक लाख से अधिक की दवाएं जब्त

मधुबनी की बुद्ध नगर कॉलोनी स्थित भूषण मेडिकल हॉल बिना वैध लाइसेंस के संचालित पाया गया। यहां से 40 प्रकार की दवाएं जब्त की गईं, जिनकी कीमत 1.04 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।

भागलपुर के नाथनगर में शंकर मेडिकल हॉल भी बिना लाइसेंस चलता मिला। वहीं, गोराडीह के दीपक मेडिकल हॉल में भी अनियमितताएं पाई गईं।

29 दवाओं के लिए गए नमूने

समस्तीपुर और गयाजी में भी औषधि नियंत्रण विभाग की टीम ने जांच की। गयाजी में लाइसेंस सरेंडर होने के बावजूद कारोबार किए जाने का मामला सामने आया।

पूरे अभियान में पांच जिलों से 29 दवाओं के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। वहीं, चार प्रतिष्ठानों से कुल 1,41,056 रुपये से अधिक मूल्य की संदिग्ध और एक्सपायर्ड दवाएं जब्त की गई हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि दवा कारोबार में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने के लिए आगे भी नियमित छापेमारी और निगरानी की जाएगी।