BREAKING NEWS: मोदी कैबिनेट से डिलिमिटेशन बिल को मंजूरी, सभी राज्यों में बढ़ेंगी 50 फीसदी सीटें
मोदी कैबिनेट की शुक्रवार को हुई अहम बैठक में डिलिमिटेशन बिल को मंजूरी दे दी गई है..
NEWS DELHI: देश की राजनीति और चुनावी व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने की तैयारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में परिसीमन (Delimitation) से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी गई। प्रस्ताव के तहत लोकसभा की सीटों में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी की जाएगी। इसके बाद लोकसभा की मौजूदा 543 सीटें बढ़कर अधिकतम 850 तक हो सकती हैं। अब सरकार इस विधेयक को संसद के विशेष सत्र में पेश करने की तैयारी में है।
सरकार के प्रस्ताव के मुताबिक, सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 फीसदी बढ़ाई जाएगी। इससे किसी भी राज्य का लोकसभा में मौजूदा अनुपातिक प्रतिनिधित्व कम नहीं होगा। उदाहरण के तौर पर उत्तर प्रदेश की 80 सीटें बढ़कर 120 हो सकती हैं, जबकि केरल की 20 सीटें बढ़कर 30 हो जाएंगी। बिहार समेत अन्य राज्यों में भी सीटों की संख्या बढ़ने का रास्ता साफ हो सकता है।
संसद के विशेष सत्र में होगी अगली परीक्षा
केंद्र सरकार ने 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र बुलाया है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से प्रस्तावित है। इसी सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को आगे बढ़ाया जा सकता है। संविधान संशोधन विधेयक पास कराने के लिए दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत जरूरी होगा।
अप्रैल में सरकार को लगा था झटका
गौरतलब है कि अप्रैल 2026 में सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक लेकर आई थी, लेकिन लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक पास नहीं हो सका था। मतदान में 298 सांसदों ने समर्थन और 230 ने विरोध किया था। जरूरी 352 वोट नहीं मिलने के कारण विधेयक गिर गया था।
अब सरकार संशोधित प्रस्ताव के साथ दोबारा कोशिश कर रही है। डीएमके और शरद पवार की एनसीपी (एसपी) जैसे क्षेत्रीय दलों का रुख भी अहम माना जा रहा है। हालांकि, विधेयक का अंतिम भविष्य संसद में होने वाले मतदान पर निर्भर करेगा।
pranavpr